डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर है। विश्वविद्यालय में गणित के पाठ्यक्रमों में पढ़ाए जाने वाले अंग्रेजी के कठिन शब्दों का हिंदी में शब्दकोष तैयार किया जाएगा। कोई शब्द छात्र-छात्राओं के समझ में नहीं आता तो वह शब्दकोश का सहारा ले सकेंगे।
शब्दकोष तैयार करने का प्रस्ताव विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ बेसिक साइंस स्थित गणित विभाग के अध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार ने मानव संसाधन विकास मंत्रालय के वैज्ञानिक एवं तकनीकी शब्दावली आयोग को भेजा था। आयोग ने सहमति भी प्रदान कर दी है।
शब्दाकोष तैयार किए जाने के लिए विश्वविद्यालय में दो दिवसीय वैज्ञानिक एवं तकनीकी शब्दावली संगोष्ठी और प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आयोग ने संगोष्ठी के लिए कुछ शर्तें रखी हैं और समय भी पूछा है। जल्द तिथि भी घोषित हो जाएगी।