डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा
लोकसभा चुनाव के चलते आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया जाएगा। सोमवार को कुलपति ने बैठक कर परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव कर नई सूची मांगी है।
विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षाएं एक मार्च से शुरू होकर 22 अप्रैल तक आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया था। विश्श्वविद्यालय की वेबसाइट पर ये जानकारी अपलोड भी की जा चुकी है।
15 अप्रैल तक परीक्षाएं कराने का निर्देश
इधर, शनिवार को मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये विश्वविद्यालय प्रशासन को 15 अप्रैल तक परीक्षाएं संपन्न करवाने के लिए कहा है। संभावना जताई जा रही है कि लोकसभा चुनाव के चलते यह निर्णय लिया गया है।
ऐसे में चुनाव अप्रैल में शुरू हो सकते हैं। इस लिहाज से कुलपति ने बैठक कर परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव पर चर्चा की। इसमें परीक्षा के बीच में अधिक दिन की छुट्टी होने पर एडजस्ट करने के लिए कहा है। संभावना यह भी है कि एक मार्च से पहले भी परीक्षाएं शुरू कराई जा सकती हैं।
पीआरओ डॉ. गिरिजाशंकर शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंस कर परीक्षाएं 15 अप्रैल तक संपन्न कराने के लिए कहा है। इसके लिए कुलपति ने बैठक की है और परीक्षा कार्यक्रम में संशोधन करने के लिए कहा है।