डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय
- फोटो : अमर उजाला
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय ने स्नातक द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा के लिए 189 केंद्र तय किए हैं। 80 हजार छात्रों के प्रवेश पत्र वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। इससे छात्रों को कॉलेजों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, वो वेबसाइट से प्रवेश पत्र अपलोड कर सकते हैं।
वीडियो कांफ्रेंस के जरिये परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि स्नातक प्रथम सेमेस्टर में 99 हजार छात्र पंजीकृत थे। इनमें से 80 हजार छात्रों ने परीक्षा शुल्क जमा किया, जिनके परीक्षा फॉर्म भरवाए जा चुके हैं। इनके प्रवेश पत्र बृहस्पतिवार शाम सात बजे तक अपलोड कर दिए गए। शेष छात्रों का परीक्षा फॉर्म शुल्क भरने पर भरवा दिया जाएगा। जनसंपर्क अधिकारी प्रो. प्रदीप श्रीधर ने बताया कि प्रवेश पत्र के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर दिए लिंक पर छात्र अपना नाम, कोर्स का नाम और जन्मतिथि की जानकारी दर्ज कर प्रवेश पत्र अपलोड कर सकते हैं।
कैमरे बंद होने पर जांच करेगी टीम
डीन एकेडमिक प्रो. संजीव शर्मा ने बताया कि दो बार सीसीटीवी कैमरे बंद होने पर हर बार 20 हजार रुपये तक जुर्माना होगा। तीसरी बार बंद मिलने पर केंद्र डिबार होगा। सीसीटीवी कैमरे बंद मिलने पर टीम भी जांच करेगी। नियंत्रण कक्ष की रिपोर्ट के मुताबिक 12 घंटे में डिबार की प्रक्रिया पूरी करेंगे। 55 कॉलेज वैकल्पिक में हैं, किसी केंद्र के डिबार होने पर नया केंद्र तय किया जाएगा। नियंत्रण कक्ष से करीब 60 कॉलेज जोड़ना बाकी हैं, जिसे शुक्रवार तक पूरा कर लिया जाएगा।
32 आपत्तियां, 50 किमी तक दूर है केंद्र
प्रति कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने बताया कि 189 परीक्षा केंद्र बने हैं। इसमें दूरी के लिए आपत्तियां मांगी थी। अभी तक 32 आपत्तियां आई हैं। इनका निस्तारण करते हुए नजदीकी केंद्र पर परीक्षा कराई जाएंगी। दरअसल, जियो टैगिंग में कुछ तकनीकी दिक्कत के कारण 80 कॉलेजों की दूरी का आकलन नहीं हुआ है। इस कारण ये परेशानी हुई है।