ताजनगरी में शनिवार को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) की चुनौतियों, संभावनाओं और भविष्य को लेकर अमर उजाला एमएसएमई फॉर भारत मंथन का आयोजन होगा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के पाॅलीवाल कैंपस में स्थित जुबली सभागार में सुबह 11 बजे से आयोजित होने वाले कॉन्क्लेव में अधिकारी और उद्यमी अपनी बात रखेंगे। तीन सत्रों में होने वाले कॉन्क्लेव में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मत्स्य एवं पशुपालन राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल शिरकत करेंगे।
वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद व पूर्व महापौर नवीन जैन, सीजीएसटी कमिश्नर सुरक्षा कटियार, मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह, पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार, डीएम अरविंद एम. बंगारी, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, फुटवियर एवं चर्म निर्यात परिषद के अध्यक्ष पूरन डावर मौजूद रहेंगे।
अध्यक्ष एफमैक गोपाल गुप्ता, अध्यक्ष हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्ट्स एसोसिएशन आगरा रजत अस्थाना, द आगरा शू फैक्टर्स फेडरेशन के अध्यक्ष विजय सामा, जिलाध्यक्ष लघु उद्योग भारती विजय गुप्ता, अध्यक्ष, नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्री एंड कॉमर्स आगरा संजय गोयल, अध्यक्ष फ्रैटर्निटी ऑफ फुटवियर्स मैन्युफैक्चरर्स एमएफआरएस कुलदीप कोहली, वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष राजकुमार भगत, अध्यक्ष शहीद भगत सिंह पेठा एसोसिएशन राजेश अग्रवाल, अध्यक्ष आगरा काेल्ड स्टोरेज ऑनर्स एसोसिएशन भुवेश अग्रवाल अपने-अपने सेक्टर से जुड़े सफलता के रास्तों और उन रास्तों पर आने वाली चुनौतियों पर चर्चा करेंगे।
इसके अलावा अध्यक्ष आगरा सराफा मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन बृजमोहन रैपुरिया, अध्यक्ष आगरा सराफा एसोसिएशन नितेश अग्रवाल, अध्यक्ष आगरा रेडीमेड गारमेंट संगठन संजीव अग्रवाल, अध्यक्ष आगरा रेडीमेड गारमेंट एसोसिएशन सुनील जैन भी अपनी बात रखेंगे। कार्यक्रम के दौरान ज्वाइंट कमिश्नर एमएसएमई अनुज कुमार, एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1 एसजीएसटी पंकज गांधी, राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अमित मिश्रा समेत कई अन्य अधिकारी उनकी चिंताओं और सवालों के जवाब देंगे।