आगरा में 21 और 22 सितंबर को इंडियन वेडिंग इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव एंड एक्सपो-2026 का आयोजन होगा, जिसमें देशभर से 2,500 से अधिक प्रतिनिधि जुटेंगे। ताज होटल में होने वाले आयोजन का उद्देश्य आगरा को भव्य विवाह समारोहों के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में विकसित करना है।
मोहब्बत के शहर आगरा को अब देश की प्रमुख वेडिंग सिटी के रूप में नई पहचान मिलने जा रही है। ताज की छांव में पर्यटन और विवाह उद्योग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए 21 और 22 सितंबर को होटल ताज में इंडियन वेडिंग इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव एंड एक्सपो-2026 का आयोजन होगा। बृहस्पतिवार को इसका औपचारिक एलान किया गया।
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय महाकुंभ में देशभर से 2,500 से अधिक प्रतिनिधि और 50 से अधिक विशेषज्ञ भाग लेंगे। एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल और महासचिव संदीप उपाध्याय ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य आगरा को भव्य वैवाहिक आयोजनों का राष्ट्रीय केंद्र बनाना है।
एक्सपो का उद्घाटन 21 सितंबर को पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह करेंगे, जबकि दूसरे दिन मुख्य सचिव अमृत अभिजात उद्यमियों का मार्गदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में राजस्थान, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अलावा ब्रज क्षेत्र के उन 1,000 से अधिक परिवारों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, जिनके घरों में जल्द विवाह समारोह आयोजित होने वाले हैं। शाम के सत्र में ऑल इंडिया आइकन अवॉर्ड 2026 से प्रमुख उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा।
विज्ञापन
एआई और डिजिटल बदलाव पर मंथन
कॉन्क्लेव के पहले दिन रील्स से वास्तविक व्यावसायिक अवसरों तक सत्र में सोशल मीडिया, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से बदलती वेडिंग इंडस्ट्री पर विशेषज्ञ विचार रखेंगे। इसके साथ ही इवेंट मैनेजमेंट और मनोरंजन क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के उपयोग पर भी मंथन किया जाएगा।
मनोरंजन, डेकोर और कैटरिंग की 50 से अधिक स्टॉल्स
दूसरे दिन का मुख्य एजेंडा उत्तर प्रदेश की नई पर्यटन नीति को समझकर प्रदेश को निवेश-अनुकूल बनाना रहेगा। एक्सपो में फैशन, डेकोरेशन, कैटरिंग और वेन्यू से जुड़ी 50 से अधिक भव्य स्टॉल्स लगाई जाएंगी। विशेषज्ञ पारंपरिक सजावट से इतर आधुनिक डिजाइन और बदलते खान-पान के रुझानों पर प्रकाश डालेंगे।