आगरा। एकलव्य स्टेडियम में तृतीय देवीराम अग्रवाल स्मृति हॉकी टूर्नामेंट का बृहस्पतिवार को फाइनल मुकाबलों के साथ समापन हो गया। महिला वर्ग में हरदोई ने आगरा टीम को और पुरुष वर्ग में गाजियाबाद ने आगरा टीम को उनके घरेलू मैदान पर हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
फाइनल मैच के मुख्य अतिथि एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता, ओलंपियन अर्जुन अवार्डी अशोक ध्यान चंद, मनजीत सिंह, सलीम और कमल चौधरी रहे। सभी ने विजेता टीम को 10,000 रुपये और टूर्नामेंट ट्रॉफी और उपविजेता टीम को 5100 रुपये नकद पुरस्कार दिया। संचालन रिनेश मित्तल और संजय गौतम ने किया।
बृहस्पतिवार को पहला फाइनल मुकाबला महिला वर्ग में आगरा और हरदोई के बीच हुआ। हरदोई ने आगरा को 8-2 से हराया। हरदोई से पायल, जैनव ने 3-3 गोल और ज्योति ने 2 गोल किए। आगरा से भूमि और सोनी ने 1-1 गोल किया। मैन ऑफ द मैच आगरा टीम की सोनी रहीं, वह छावनी परिषद विद्यालय की छात्रा हैं।
दूसरा फाइनल मुकाबला पुरुष वर्ग में गाजियाबाद और आगरा के बीच हुआ। जिसमें गाजियाबाद ने आगरा को 7-3 से हराया। गाजियाबाद से 4 गोल करन, कोमल ने 2 और आनंद ने एक गोल किए। आगरा से मनीष ने 3 गोल किया। मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मैच में निर्णायक की भूमिका प्रशांत शुक्ला, अमित सक्सेना, रश्मि कुमारी, आशा कुमारी और मधु कुमारी ने निभाई। इस दौरान तपेश शर्मा, उमेश अग्रवाल, सतीश अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, ओम प्रकाश शर्मा, सतीश गोयल, अखिल बंसल, कुलदीप सिरोही आदि मौजूद रहे।