खेलो इंडिया में हनी को कुश्ती में मिला रजत पदक
खेलो इंडिया में डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की छात्रा हनी ने कुश्ती में रजत पदक प्राप्त किया है। जैन यूनिवर्सिटी ग्लोबल, बेंगलुरु में आयोजित खेलो इंडिया के आखिरी दिन हनी ने अच्छे प्रदर्शन की बदौलत पदक पर कब्जा जमाया। विश्वविद्यालय के हिस्से यह दूसरा रजत पदक आया है। इससे पहले दीपिका ने मुक्केबाजी में रजत पदक अपने नाम किया था।
विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डॉ. अखिलेश चंद्र सक्सेना ने बताया कि 72 किलोग्राम भार वर्ग में केए कॉलेज, कासगंज की हनी ने रजत पदक जीतकर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। हनी ने क्वार्टर फाइनल में संत गाडगे विश्वविद्यालय, अमरावती की निशा तोमर को 10-0 से हराया।
सेमीफाइनल में हनी ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की एशियन जूनियर रजत पदक विजेता रही निशा को चित करके फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में हनी को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक की बीनू ने 10-08 के अंतर से हराया। प्रशिक्षक रणधीर सिंह, टीम प्रबंधक डॉ. प्रवीण सिंह जादौन, सहायक विजेंद्र सिंह व सरिता सिंह ने उनका मनोबल बढ़ाया।