25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर ऑडी में घूम रहा था। एसटीएफ को जब इस बात की भनक लगी, तो उसे पकड़ने के लिए टीम सक्रिय हो गई। एसटीएफ ने हिस्ट्रीशीटर को गोवर्धन से गिरफ्तार कर लिया है।
थाना सदर में अपहरण के मुकदमे में फरार 25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर ऑडी कार में घूम रहा था। एसटीएफ को उसकी भनक लग गई। उसे मथुरा के गोवर्धन चौराहे से गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया है।
विज्ञापन
एसटीएफ के निरीक्षक हुकुम सिंह ने बताया कि रामाजी धाम, सिकंदरा निवासी चेतन जादौन के खिलाफ थाना सदर में अपहरण का मुकदमा दर्ज था। वह फरार हो गया था। इस कारण उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। उसे मथुरा के गोवर्धन चौराहे के पास से गिरफ्तार किया गया है। हिस्ट्रीशीटर के पास से पांच मोबाइल, 2420 रुपये, एक आधार कार्ड, एक एटीएम कार्ड और दिल्ली नंबर की ऑडी कार मिली है।
गवाह का कर लिया था अपहरण
वर्ष 2020 में चेतन जादौन पर अपने खिलाफ दर्ज पुराने मुकदमे में गवाही से रोकने के लिए प्रदीप गांधी नामक युवक के अपहरण का आरोप लगा था। उसे बंधक बनाकर भी रखा गया था। इसके बाद चेतन फरार हो गया था। चेतन के खिलाफ अलग-अलग थानों में 22 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। वह थाना सिकंदरा का हिस्ट्रीशीटर भी है। प्रशासन ने उसे वर्ष 2017 में भू माफिया भी घोषित किया था।
मथुरा आया था किसी काम से
पूछताछ में चेतन ने बताया कि पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए आगरा से बाहर रह रहा था। वह किसी काम से मथुरा जा रहा था। एसटीएफ को उसकी जानकारी मिली। इस पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से दिल्ली नंबर की ऑडी कार भी बरामद हुई। अब पुलिस यह पता कर रही है कि आरोपी से बरामद कार किसकी है, वह कहां से लेकर आया है।