आगरा पुलिस पर थर्ड डिग्री देने के आरोप लगे हैं। थाना छत्ता की पीपल मंडी चौकी की प्रभारी पर आरोप है कि चांदी चोरी के शक में व्यापारी यश वर्मा की पिटाई लगाई। उनको चौकी में बंद करके थर्ड डिग्री दी। इससे यश की हालत बिगड़ गई। उन्हेें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पीड़ित परिजनों ने स्थानीय लोगों के साथ विधायक योगेंद्र उपाध्याय से शिकायत की। मामला अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद जांच शुरू हो गई है।
माईथान निवासी प्रशांत वर्मा और उनके भाई यश वर्मा खालसा गली में चांदी की पायल बनाने का काम करते हैं। प्रशांत ने बताया कि कुछ दिन पहले उनकी दुकान के सामने दूसरी दुकान में चोरी हो गई थी। चोरी का शक पुलिस को यश पर था। सोमवार दोपहर को पुलिस ने उसे बुलाया। उससे पूछताछ की। रात नौ बजे उसको चौकी से छोड़ दिया। मंगलवार सुबह 11 बजे पीपल मंडी चौकी प्रभारी ने यश को बुलाया।
इस पर प्रशांत यश को लेकर चौकी पर पहुंच गए। कुछ देर तक चौकी प्रभारी ने पूछताछ की। बाद में कहा कि वह उसे थाने लेकर जा रहे हैं। इस पर प्रशांत अकेले थाने आ गए। मगर, चौकी प्रभारी उसे लेकर नहीं आए थे। डेढ़ घंटे तक इंतजार किया। आरोप है कि चौकी प्रभारी ने यश की पिटाई लगाई। चौकी में नंगा कर दिया। इसके बाद पट्टे से पिटाई लगाई। उसकी खाल उधेड़ दी। आरोप यह भी है कि एनकाउंटर की धमकी देकर चोरी कबूल करने का दबाव बनाया। मगर, उसने उनकी बात नहीं मानी। शाम तकरीबन पांच बजे परिवार के लोग मोहल्ले के लोगों के साथ थाने पहुंच गए। तब उसे छोड़ा गया। बुधवार को विधायक योगेंद्र उपाध्याय से मिले। विधायक ने अधिकारियों से बात की। इसके बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। यश को हालत बिगड़ने पर जीजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजकमल का कहना है कि चांदी चोरी के मामले में युवक से पूछताछ की थी। मगर, मारपीट की जानकारी उन्हें नहीं है। मामले की जांच की जा रही है। मारपीट की पुष्टि होने पर अधिकारियों को रिपोर्ट दी जाएगी।
मार्केट में बनी हैं छह दुकानें
थाना छत्ता पुलिस के मुताबिक, खालसा गली में रोहित राठौर की चांदी काटने की दुकान है। दो दिन पहले दुकान में चोरी हो गई थी। मालिक ने पहले आठ किलोग्राम चांदी चोरी होना बताया। बाद में चार किलोग्राम चांदी चोरी की बात कही है। जिस मार्केट में दुकान है, उसका मुख्य दरवाजा आखिर में जाने वाला दुकानदार बंद करता है। घटना वाले दिन प्रशांत आखिर में गया था। यश पहले ही दुकान से निकल गया था। इससे पुलिस उस पर शक जता रही है।