टी-20 रशियन डोमेस्टिक क्रिकेट लीग में ताजनगरी के एक क्रिकेटर ने कमाल कर दिया है। आगरा कॉलेज में पढ़ने वाले 24 साल के हरफनमौला रिंकू चौधरी ने 11 सितंबर से 21 सितंबर तक रूस के मास्को में हुई लीग में गेंदबाजी और बल्लेबाजी के जौहर दिखाए और मैन ऑफ द सीरीज का खिताब अपने नाम किया। रूस इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) का एसोसिएटेड सदस्य है।
रूस की सेंट पीटर्सबर्ग की टीम से खेलते हुए उन्होंने चार मैचों में 15 विकेट लिए। साथ ही 160 रनों की पारी खेली। चार में से तीन मैचों में रिंकू मैन ऑफ द मैच रहे। लीग के बेस्ट बैट्समैन का अवॉर्ड भी उनके नाम रहा। पहले मैच में रिंकू ने 25 रन देकर पांच विकेट लिए। वो मैन ऑफ द मैच रहे।
दूसरे मैच में प्रदर्शन खास नहीं रहा। वो सिर्फ 20 रन बना सके। तीसरे मैच में 63 रनों की पारी खेली और चार विकेट चटकाए। वो मैन ऑफ द मैच रहे। चौथे मैच में उन्होंने छह विकेट लिए और ताबड़तोड़ 52 रन बनाए। इस प्रदर्शन के आधार पर रिंकू का चयन रूस की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के लिए लगने वाले कैंप में हुआ है।