मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को इस बात का मलाल है कि सपा सरकार ने आगरा को बहुत कुछ दिया, लेकिन आगरा से उनके विधायक जीत कर नहीं जाते। प्रवासी दिवस सम्मेलन के बाद पत्रकार वार्ता में कहा, यह सम्मेलन उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा में मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश में चल रही विकास योजनाओं का जिक्र किया और बताया कि प्रदेश में निवेश के लिए अनुकूल माहौल बन रहा है। सड़क निर्माण, मेट्रो, शहरीकरण, ऊर्जा, शिक्षा, चिकित्सा, खेल, दूर संचार के क्षेत्र में प्रदेश में काफी विकास हुआ है। इस सम्मेलन से विकास की रफ्तार और बढ़ेगी। इसी बीच सवाल उठा कि आगरा को इंटरनेशनल एयरपोर्ट कब मिलेगा? मुख्यमंत्री ने कहा कि आप तो इंटरनेशनल एयरपोर्ट मांग रहे हैं, हम दूसरी बात कहते हैं कि आगरा को सपा सरकार ने बहुत कुछ दिया है आगरा में हमारे सदस्य (विधायक) ही बढ़ा दें, जिससे सदन में मेंबर अधिक नजर आएं। सवाल आया कि एक तरफ आप विदेशी निवेश की बात कर रहे हैं, क्या आतंकी घटनाओं से इस पर विपरीत प्रभाव नहीं पडे़गा? मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया बहुत छोटी हो गई है।
खबरें कुछ ही पल में दुनिया में फैल जाती हैं। आतंक से लड़ने को हमें तैयार रहना होगा। पत्रकारों ने सवाल किया, यहां आए एनआरआई कह रहे हैं निवेश का माहौल नहीं है? मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा नहीं है कि प्रदेश में देश और विदेश की तमाम बड़ी कंपनियां हैं। तेजी से स्थितियां बदल रही हैं। एक सवाल और, एनआरई सम्मेलन से क्या लाभ होगा? मुख्यमंत्री बाले कि कल (मंगलवार को) दिन भर सहयोग और निवेश के संबंध में सत्र चलेगा।
अभी एमओयू साइन हुए हैं। सत्र के दौरान तमाम बातें निकल कर आएंगी। प्रदेश सरकार हर स्टेज पर प्रवासी भारतीयों की मदद करेगी। हर वर्ष एनआरआई दिवस का आयोजन होगा, केवल शहर बदलेंगे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री बलवंत सिंह रामूवालिया और मुख्य सचिव आलोक रंजन मौजूद रहे।