वाणिज्यकर कार्यालय में लाकर मथुरा के चांदी कारोबारी से 43 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने विवेचना में साक्ष्य जुटाना शुरू कर दिया है। पुलिस ने फतेहाबाद टोल के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिए हैं। इसमें अधिकारियों की गाड़ी और व्यापारी नजर आया है। इसके अलावा कॉल डिटेल और लोकेशन भी चेक की जा रही है। उधर, आरोपी अधिकारी और अन्य भूमिगत हो गए हैं।
मथुरा के गोविंद नगर निवासी चांदी कारोबारी प्रदीप अग्रवाल 30 अप्रैल को चालक के साथ गाड़ी से बिहार के कटिहार से लौट रहे थे। उनकी गाड़ी में एक थैले में चांदी के जेवरात की बिक्री के 43 लाख रुपये रखे थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के फतेहाबाद टोल प्लाजा पर मिले वाणिज्यकर के अधिकारियों ने चेकिंग के नाम पर उन्हें रोक लिया था। आरोप है कि जयपुर हाउस स्थित कार्यालय में 43 लाख रुपये लूट लिए थे।
मामले में कारोबारी ने लोहामंडी थाना में मुकदमा दर्ज कराया। इसमें अमानत में खयानत, धमकी का मुकदमा दर्ज कराया था। बाद में केस में लूट और भ्रष्टाचार की धारा लगाई थी। आरोपियों की पहचान असिस्टेंट कमिश्नर अजय कुमार, वाणिज्यकर अधिकारी शैलेंद्र कुमार, सिपाही संजीव कुमार और प्राइवेट गाड़ी चालक दिनेश कुमार के रूप में हुई थी। मुकदमे में आरोपियों के नाम बढ़ने के बाद पुलिस ने विवेचना तेज कर दी है।