कलेक्ट्रेट तिरोह पहुंची एसडीएम पुलसिकर्मियों से बात करतीं हुईं
- फोटो : अमर उजाला
राजस्वकर्मियों के चालान काटे जाने से नाराज उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सदर गरिमा सिंह ने कलक्ट्रेट तिराहे पर पुलिसकर्मियों की चेकिंग करा दी। उनका कहना है कि हेलमेट न लगाने वाले पुलिसवालों के चालान भी काटे गए हैं। हालांकि पुलिस अफसरों ने चालान काटे जाने की बात से इनकार किया है। सदर के दरोगा प्रेम सिंह ने राजस्वकर्मियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए तहरीर दे दी है।
वाकया गुरुवार दोपहर दो बजे का है। पुलिस ने लेखपाल का चालान काटा था। इसके थोड़ी देर बाद ही एसडीएम गरिमा सिंह तहसीलकर्मियों के स्टाफ के साथ पहुंच गईं। उन्होंने फोन पर बताया कि जो कर्मी ड्यूटी पर लगे हैं, उनके चालान काटे जा रहे हैं। इस पर उन्होंने उन पुलिसकर्मियों की चेकिंग कराकर चालान कटवाए जो यातायात नियमों का पालन नहीं कर रहे थे। उधर, तहसीलकर्मियों ने मोबाइल से पुलिसवालों के फोटो लिए और वीडियो भी बनाए।
थाना सदर के दरोगा प्रेम सिंह को भी रोका गया। दरोगा का कहना है कि वह वेतन संबंधी जानकारी करने पुलिस दफ्तर गए थे। तहसील के कर्मचारियों ने रोक लिया। उनसे अभद्रता की। फोटो खींचकर चालान कटवा दिया। मना करने पर बाइक में लात मार दी। उन्होंने इसकी एससी-एसटी आयोग में भी शिकायत की है।