आगरा में लॉकडाउन के पालन के लिए पुलिस ने मंगलवार को और सख्त रुख अपनाया। पुलिस पर आरोप है कि सफाईकर्मियों, दवा व्यापारियों, रसोई गैस की डिलीवरी करने जा रहे हॉकरों और मंदिर में पूजा कर रहे पुजारी को पीटा।
इन घटनाओं से पुलिस के खिलाफ लोग गुस्से में आ गए। अफसरों से शिकायत की गई। दवा व्यापारियों ने बताया कि पुलिस पहले डंडा मार रही है, फिर पूछती है कि कहां जा रहे हो, पास दिखाओ तो फाड़ देती है।
वहीं सफाई कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने पुलिसकर्मियों को पास और आईकार्ड भी दिखाया, लेकिन उन्होंने नहीं माना। मारपीट करने पर गुस्साए सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी। नगर निगम के अधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से बात करके धरना और कार्य बहिष्कार खत्म कराया।
विरोध प्रदर्शन करते नगर निगम के सफाईकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
आवास विकास में धरने पर बैठे सफाईकर्मी, अफसरों ने मनाया
लोहामंडी जोन कार्यालय से आवास विकास में ड्यूटी करने के लिए जा रहे सफाई कर्मचारियों को पुलिस ने पीट दिया। लॉकडाउन में सफाई कर्मचारियों के साथ मारपीट की यह 15वीं घटना है। इसका पता चलते ही कर्मचारी पुलिस चौकी पर पहुंच गए और आवास विकास चौकी पर धरना दिया।
कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार का एलान कर सफाई ठप कर दी। घटना पर पार्षद सुषमा जैन, पार्षद कल्पना सिकरवार भी पहुंच गईं। उन्होंने मेयर नवीन जैन, नगर आयुक्त अरुण प्रकाश से बात की।
उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद इलाहाबादी ने अपर नगर आयुक्त कुंवर बहादुर सिंह से आक्रोश जताया। धरना स्थल पर राजकुमार विद्यार्थी, कुलदीप चक्रवर्ती, संजीव सिकरवार, राजेश चौहान, जेडएसओ इंद्रजीत सिंह, हरीबाबू वाल्मीकि, स्वच्छता निरीक्षक संजीव यादव, अजय कुमार, मनीष चौहान, रोहित आदि मौजूद रहे।
दवा व्यापारियों के पास फाड़ने के बाद पुलिस से बातचीत करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
नगर आयुक्त ने कहा, केस दर्ज कराएंगे
नगर आयुक्त अरुण प्रकाश ने उन्हें भरोसा दिलाया कि जिस पुलिसकर्मी एवं कोरोना फाइटरों ने सफाई कर्मचारियों के साथ मारपीट की है उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करवाएंगे। शहर में सफाई की जरूरत है। ऐसे संकट के समय सफाई कार्य बंद न करें। नागरयुक्त के आश्वासन पर सफाई कर्मचारियों ने धरना खत्म कर दिया।
कोतवाली सीओ को सौंपी मेडिकल स्टोर की चाबियां
मेडिकल स्टोर संचालकों की पिटाई पर दवा विक्रेता कोतवाली थाने पहुंचे और सीओ को चाबी सौंपकर हंगामा किया। पुलिस ने उनको शांत कराया। पदाधिकारियों ने एडीएम सिटी को भी ज्ञापन दिया है।
आगरा महानगर केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि मेडिकल स्टोर खोलने के लिए सुबह दुकानदार घरों से आ रहे थे, इनको जीवनीमंडी, नालबंद, एमएम गेट, शाहगंज समेत अन्य क्षेत्रों पर पुलिस ने रोका और अभद्रता की। इसकी जानकारी पर संस्था संरक्षक गिरधारी लाल भग्त्यानी, महामंत्री अश्वनी श्रीवास्तव, राजकुमार गुप्ता, विमल स्वरूप सिंघल, अमित गुप्ता और अन्य दवा विक्रेताओं ने हंगामा शुरू कर दिया।
सड़कों पर लोगों को रोक कर पूछताछ करती आगरा पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
सीओ ने कहा, दवा व्यापारियों को नहीं रोकेंगे
सीओ ने पुलिसकर्मियों को किसी दवा विक्रेता को न रोकने और उनके पास को देखकर जाने के निर्देश दिए। इसके बाद दवा व्यापारियों ने ड्रग इंस्पेक्टर जुलाब अली को यह जानकारी दी, जिस पर एक प्रतिनिधि मंडल एडीएम सिटी से मिला। समस्या सुनकर उन्होंने एसपी सिटी को पुलिसकर्मियों की ओर से की गई अभद्रता की जानकारी दी।
पुलिस ने डंडा चलाया तो दुकानें बंद कर देंगे
संस्था संरक्षक गिरधारी लाल भग्त्यानी ने कहा कि पुलिस पास को नहीं मान रही, दवा विक्रेताओं से अभद्रता कर डंडे मारते हैं। ऐसा होगा तो वह दुकान बंद कर देंगे। आगरा महानगर केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष शर्मा ने कहा कि दवा विक्रेताओं को दिए गए पास को भी पुलिस नहीं मान रही है। उनको पीटा जा रहा है, कुछ के तो पास ही पुलिस ने फाड़ दिए हैं।
इसकी शिकायत एडीएम सिटी से भी की है। जिला आगरा केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष आशू शर्मा ने कहा कि पुलिस रोजाना दवा विक्रेताओं को रोककर अभद्रता कर रही है। चालान काटे जा रहे हैं। यह बंद नहीं हुए तो दवा की दुकान नहीं खोलेंगे।
रसोई गैस हॉकरों ने की डीएसओ से शिकायत
आगरा एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन ने पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। एसोसिएशन का आरोप है कि सिलिंडर की सप्लाई करने जा रहे हॉकर, डिलीवर ब्वॉय को रोका जा रहा है, उनको डंडे मारे जा रहे हैं। सिलिंडर से भरे टेंपो को भी रोक रहे हैं। इसकी शिकायत जिला पूर्ति अधिकारी से की है।
जिलाध्यक्ष संतोष सिंह सिकरवार का कहना है कि डीएम ने गैस वितरण के वाहन और कर्मचारियों को प्रतिबंध से मुक्त रखा है। लेकिन पुलिस उनको पीट रही है। इससे सप्लाई प्रभावित हो रही है। डीएसओ से इसकी शिकायत की गई है।
पुजारी ने वीडियो जारी कर बयां की पीड़ा
छत्ता के कचहरी घाट स्थित श्यामा देवी मंदिर के पुजारी राजेश शर्मा का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें न सिर्फ मंदिर के घंटे बजाने से मना किया, बल्कि आरती करने पर कार्रवाई की हिदायत दी है। इससे पुजारी और उनका परिवार डरा हुआ है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करके अपनी पीड़ा व्यक्त की है। राजेश शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करके कहा कि सोमवार शाम को वह आरती कर रहे थे।
उनकी पत्नी मंदिर का घंटा बजा रही थी। आरती के बाद थाना प्रभारी छत्ता सुनील दत्त ने बुलाया। कहा कि कल से आरती नहीं करेंगे और न ही घंटा बजाएंगे। अगर, ऐसा करेंगे तो आपके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील दत्त का कहना है कि मंदिर में दो से अधिक लोग मौजूद थे। इसलिए एक व्यक्ति से ही आरती करने को कहा था। आरती और घंटे बजाने से रोकने की बात गलत है।