दिवाली पर शहर में सफाई व्यवस्था पटरी से उतर गई है। घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों में सफाई के कारण आम दिनों की तुलना में ज्यादा कचरा निकल रहा है। उठान बेहद कम है। शहर की गलियों और सड़कों पर कचरे के ढेर लग गए हैं। दिवाली से पहले कचरे का उठान न होने से लोग परेशान हैं।
सुभाष नगर, अलबतिया रोड, बालाजीपुरम, मारुति एस्टेट, बोदला, पश्चिमपुरी, कारगिल पेट्रोल पंप, सेक्टर 16, आवास विकास कॉलोनी, गैलाना, लोहामंडी, पृथ्वीनाथ फाटक , आजमपाड़ा, दयालबाग, ताजनगरी, फतेहाबाद रोड, ताजगंज, पाठक प्रेस के सामने गंदगी के ढेर लगे हैं। कबाड़ियों के ज्यादातर सामान ले जाने के बाद भी डलाबघरों पर दोगुना कचरा पहुंच रहा है। करीब 1350 मीट्रिक टन कचरा इन दिनों निकल रहा है, जबकि अन्य दिनों में 750 मीट्रिक टन ही निकलता था।
भाजपा जिलाध्यक्ष की पत्नी के वार्ड में कचरा
नगला पदी में कचरे के ढेर लगे हैं। लोग नाक पर रूमाल रखकर निकल रहे हैं। यहीं भाजपा जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाह का निवास है। वर्तमान में उनकी पत्नी पार्षद हैं। स्थानीय निवासी अंकित कर्दम और राजवीर सिंह की शिकायत है कि दिवाली पर सत्ताधारी दल के नेता ही सफाई नहीं करा पा रहे।
ये भी पढ़ें - Agra: पाकिस्तान से आगरा आएगा 150 जायरीन का जत्था, प्रशासन करेगा विशेष इंतजाम
दिवाली पर भी काम करेंगे सफाईकर्मी
अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र यादव ने बताया कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी दिवाली वाले दिन भी कार्य करेंगे। एमएनटी के वाहन शहर के डलाबघरों और ट्रांसफर स्टेशनों से कचरा उठाकर कुबेरपुर खत्ताघर तक पहुंचाएंगे।