हाईवे पर आईएसबीटी फ्लाईओवर के निर्माण के चलते बलूनी क्लासेज के पास बनाए गए नए कट पर शनिवार रात दस बजे हादसा हो गया। ट्रक ने एक बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार घायल हो गए। वह दूर जा गिरे। वहीं बाइक ट्रक में फंस गई। चालक ने ट्रक नहीं रोका। वह ट्रक को भगाकर गुरुद्वारा गुरु का ताल आरओबी से आवास विकास कालोनी के सेक्टर 12 तक ले आया। रास्ते में चिंगारी निकलती बाइक को देखकर लोग दहशत में आ गए। यहां बाइक में भी आग लग गई। चालक ने उसे अलग कर दिया। इसके बाद बोदला रोड पर बैनारा फैक्टरी के पास ट्रक ले आया। यहां ट्रक खोदाई के गड्ढों की वजह से फंस गया। पुलिस ने चालक को पकड़ लिया। चालक ने ट्रक को चार किलोमीटर तक भगाया।
थाना हरीपर्वत के प्रभारी निरीक्षक जय कौशल ने बताया कि भगवान टॉकीज की तरफ से एक ट्रक सिकंदरा की ओर जा रहा था। आईएसबीटी पर फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके लिए एक कट बलूनी क्लासेज के सामने बनाया गया है। कट के पास ट्रक ने बाइक सवार अधिवक्ता सुभाष चंद्र अग्रवाल (50) निवासी नगला पदी, न्यू आगरा को टक्कर मारी। वह उछलकर दूर गिर गए। बाइक ट्रक के नीचे फंस गई।
चालक मौके पर रुका नहीं। वह ट्रक को दौड़ाता रहा। गुरुद्वारा गुरु का ताल से ट्रक ओवर ब्रिज पर ले गया। ट्रक के नीचे बाइक फंसी होने की वजह से सड़क से छुलने की वजह चिंगारी निकल रही थी। यह देखकर आसपास से निकल रहे लोग भी दहशत में आ गए। इसके बावजूद चालक ने ट्रक को नहीं रोका। वह आवास विकास कालोनी के सेक्टर 12 तक पहुुंच गया। चिंगारी से बाइक में आग लग गई। ट्रक में आग लगने की आशंका पर चालक ने ट्रक को रोक दिया। नीचे उतकर बाइक को ट्रक से निकाला।
इसके बाद आवास विकास कालोनी के सेक्टर चार होते हुए बोदला रोड पर आ गया। मगर, यहां पर सीवर लाइन डालने की वजह से गड्ढे हो रखे हैं। उधर, पुलिस ट्रक का पीछा कर रही थी। पुलिस ने ट्रक को पकड़ लिया। चालक भी पकड़ा गया। उधर, दमकल ने पहुंचकर बाइक में लगी आग पर काबू किया। उधर, घायल अधिवक्ता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी का कहना है कि अधिवक्ता घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रक को चालक चार किलोमीटर दूर तक भगा ले गया था। उसके खिलाफ तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
पहले भी कट पर हुआ था हादसा
आईएसबीटी पर फ्लाईओवर के निर्माण के चलते बलूनी क्लासेज के सामने कट बनाया गया है। इस कट पर पूर्व में भी हादसा हुआ था। यहां पर कोई संकेतक नहीं लगाए गए हैं। यहां पर सिर्फ पत्थर रख दिए गए हैं। लोग जल्दबाजी में वाहन निकालते हैं। सामने से आने वाले वाहन चालकों को अंदाजा नहीं रहता है, जिस वजह से हादसा हो जाता है। पहले भी एक युवक की जान चली गई थी। वाहन को नहीं पकड़ा जा सका था।