पिनाहट। कस्बा क्षेत्र के मोहल्ला ताल की पार में चोरों ने सुने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने के आभूषण व एक लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। घटना उस समय हुई जब घर पर कोई मौजूद नहीं था।
मोहल्ला ताल की पार निवासी भूरी सिंह ने थाने में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि कस्बे में उनके दो मकान हैं। एक मकान में उनकी मां अकेली रहती हैं। बुधवार को भतीजी का जन्मदिन मनाने के लिए वह मकान में ताला लगाकर दूसरे मकान चली गई थीं। इसी दौरान चोरों ने रात के समय घर में घुसकर कमरे का ताला तोड़ दिया और बक्से में रखे सोने के आभूषण व एक लाख रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
बॉक्स....
20 दिन में दो मकानों को बनाया निशाना
कस्बे में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते 20 दिनों में चोरों ने दो मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी घटना का खुलासा नहीं कर सकी है। एक सप्ताह पूर्व बिजली घर के पास रहने वाले गिरीश कुमार के मकान में दिनदहाड़े चोरों ने घुसकर अलमारी और कमरों के ताले तोड़ दिए। इस दौरान घर में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली गई थी। इससे पहले नवगवां रोड़ा भदरौली तिराहे पर लगे ट्रांसफार्मर तथा बिजली घर के पास रखे ट्रांसफार्मर से चोरों ने कॉपर और तेल चोरी कर लिया था। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।