आगरा। साल के आखिरी दिन भी यातायात प्रबंधन का इंतजाम काम नहीं आया। पूरे दिन हाईवे और एमजी रोड पर लोगों को जाम से जूझना पड़ा। लंबा जाम लगने से वाहन रेंगते नजर आए। गुरुद्वारा गुरु का ताल कट से आईएसबीटी तक ज्यादा दिक्कत हुई। शाम को हालात और भी खराब हो गए।
नेशनल हाईवे पर आईएसबीटी के करीब फ्लाईओवर के नीचे बस चालकों ने बसें खड़ी कर सवारियां भरीं। इससे सर्विस रोड पर भी जाम लगा। दिनभर हाईवे पर जाम लगा रहा। अबु उलाह दरगाह कट पर मेट्रो की बैरिकेडिंग और बसों के अवैध रूप से खड़े होने से वाहन चालकोें को वाहन निकालने में दिन भर परेशानी का सामना करना पड़ा।
यही हाल वाटरवर्क्स और रामबाग चौराहे पर भी रहा। एमजी रोड पर रोजाना की तरह दिनभर वाहनों को रेंग-रेंगकर निकलना पड़ा। शाम के समय वाहनों की भीड़ बढ़ने पर हालात और खराब हो गए। सिकंदरा से कारगिल चौराहा, बोदला, जगदीशपुरा, लोहामंडी आदि क्षेत्रों में भी यही हालात रहे।
घूमने निकले लोगों की भीड़ को जाम के चलते कुछ मिनटों की दूरी तय करने में एक घंटा से अधिक समय लगा। वहीं रात में फतेहाबाद रोड पर वाहनों की अधिकता के कारण जाम के हालात रहे।यातायात पुलिस की रही अतिरिक्त ड्यूटी
डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने बताया कि सभी बाजारों और प्रमुख चौराहों पर देर रात तक पुलिसकर्मियों को तैनात रखा गया। खुद समय-समय पर निरीक्षण करते रहे। बाजाराें में वाहनों की सही पार्किंग करवाई और रात तक वाहनों को निकाल कर यातायात सुचारू रखा।