आगरा। नदियों के किनारे बसे ग्रामीणों और राहगीरों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने यमुना और चंबल नदी के विभिन्न घाटों पर पांटून पुलों के निर्माण, मरम्मत और संचालन के कार्यों को हरी झंडी दे दी है। इन कार्यों से क्षेत्रीय संपर्क मार्ग मजबूत होंगे और स्थानीय निवासियों को नदी पार करने में बड़ी राहत मिलेगी।
शासन से स्वीकृत इन परियोजनाओं में आगरा उत्तर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मथुरा की सीमा पर यमुना नदी के मांट बाबूगढ़ घाट पर पांटून फेरी के निर्माण और अनुरक्षण के लिए 30.95 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसी तरह आगरा ग्रामीण क्षेत्र में नगला सवला मार्ग स्थित समोगर घाट पर यमुना नदी पर पांटून पुल के निर्माण और मरम्मत कार्य के लिए 28.93 लाख रुपये, बाह विधानसभा क्षेत्र में चंबल और यमुना नदी के घाटों पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।
यहां कैंजरा घाट और उद्योतगढ़ के मध्य चंबल नदी पर पांटून पुल के संचालन और मरम्मत के लिए 37.96 लाख रुपये, पिनाहट घाट पर चंबल नदी पर पांटून पुल के इरेक्शन और मरम्मत के लिए 31.87 लाख रुपये, बटेश्वर एवं कल्याणपुर भरतार के बीच यमुना नदी पर पांटून पुल के निर्माण व अनुरक्षण के लिए 26.56 लाख रुपये की राशि मंजूर की गई है।