किरावली। अतिरिक्त दहेज में 10 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता को प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जबरन दुष्कर्म का प्रयास करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर थाना किरावली पुलिस ने पति समेत छह ससुरालीजन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
किरावली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की शादी 30 नवंबर 2020 को फिरोजाबाद के थाना दक्षिण क्षेत्र स्थित महावीर नगर निवासी युवक के साथ हुई थी। पीड़िता की ओर से थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के मुताबिक, शादी में मायके पक्ष ने करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े, बर्तन, घरेलू सामान और नकदी दी थी। इसके बावजूद पति और ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज के रूप में 10 लाख लाने के लिए पति, ससुर, सास, देवर, ननद और ननदोई उसके साथ आए दिन मारपीट करते थे। पीड़िता का आरोप है कि 9 अक्तूबर की रात आठ बजे करीब पति घर पर नहीं था, तब ससुर उसके कमरे में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। किसी तरह उसने कमरे से भागकर अपनी जान बचाई। मामले में एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह ने बताया पीड़िता की तहरीर पर पति समेत छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।