जगनेर। लेन-देन के विवाद में बुधवार को तेजाब पीकर जान देने वाले युवक के सुसाइड नोट में तीन युवकों को जिम्मेदार ठहराया है। इस आधार पर तीनों को हिरासत में लेकर न्यायालय मेें पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
बुधवार को घायल अवस्था में परिजन अमन को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे थे। जहां बृहस्पतिवार को सुबह उसकी मौत हो गई। घर की तलाशी के दौरान पुलिस को सुसाइड नोट मिला। इसमें युवक ने कस्बे के ज्ञानेश, राहुल और संदीप पर धमकी देने, मारपीट करने और रुपए वसूलने का दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शुक्रवार को तीनों को हिरासत में लिया और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सुसाइड नोट में दर्ज आरोपों के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया गया है।