फतेहाबाद। तहसील फतेहाबाद के गांव ईधौन में एक पागल कुत्ते ने आतंक मचा रखा है। मंगलवार रात से बुधवार तक कुत्ता गांव में घूम-घूमकर लोगों पर हमला करता रहा, जिसमें छह लोग घायल हो गए। अचानक हुए इन हमलों से पूरे गांव में दहशत है और लोग घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं।
घायल चौब सिंह निवासी ईधौन ने बताया कि वह घर से किसी काम से बाहर जा रहा था, तभी अचानक कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ता बड़ा होने के कारण वह उसे काबू नहीं कर पाया। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कुत्ते को किसी तरह भगाया। इसके अलावा गांव के भोले, चंदो देवी, शिवलाल, छत्रपाल तथा गीता को भी कुत्ते ने घायल कर दिया। गांववासियों ने प्रशासन से कुत्ता पकड़वाने की मांग की है।