पिनाहट। कस्बे के मोहल्ला मार निवासी 25 वर्षीय युवक ने ऑनलाइन मैच पर सट्टे में लाखों रुपये गंवाने और संचालकों द्वारा हाथापाई किए जाने से आहत होकर मंगलवार को संदिग्ध विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। परिजन उसे सीएचसी पिनाहट ले गए, जहां से गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया।
युवक परिवार की जमा-पूंजी सट्टे में हारने के बाद कर्ज में डूब गया था। आरोप है कि मंगलवार को उसने सट्टे की गद्दी चलाने वालों से जीती हुई रकम का हिसाब मांगा तो उन्होंने गाली-गलौज व हाथापाई कर दी, इससे आहत होकर उसने यह कदम उठाया। स्थानीय लोगों ने कस्बे में चल रही ऑनलाइन सट्टे की गद्दियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में पुलिस को अभी तक कोई सूचना या तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। जानकारी मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। - अनिल कुमार, एसीपी पिनाहट