आगरा के थाना नाई की मंडी के सुभाष पार्क स्थित अग्रवाल सीटी सेंटर में शुक्रवार शाम को साढ़े तीन साल के दिव्यांश की सीटी स्कैन के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी पर परिजन इकट्ठा हो गए। उन्होंने हंगामा कर दिया। इस पर डॉक्टर और कर्मचारी सेंटर को बंद करके भाग खड़े हुए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना नाई की मंडी के प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि धनौली के रहने वाले विनोद कुमार का बेटा दिव्यांश छत से गिर गया था। इससे उसके चोट लगी थी। वह शाम पांच बजे उसे नामनेर स्थित एसआर हॉस्पिटल में लेकर आए थे। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने शाम को उसको सीटी स्कैन के लिए भेज दिया। इस पर सुभाष पार्क स्थित डॉ नीरज अग्रवाल के सेंटर पर लेकर आए थे।
यहां पर दिव्यांश को इंजेक्शन लगाए गए। अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। सेंटर के कर्मचारियों ने बच्चे को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वह बच्चे को हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। मगर, डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस पर परिजन उसे लेकर सिटी स्कैन करने वाले डॉक्टर के पास आए। मगर, सेंटर पर ताला लगा हुआ था।