बाह। बटेश्वर मेले के सांस्कृतिक मंच पर बृहस्पतिवार को रासलीला में पूतना वध का मंचन किया गया। देखकर दर्शक भाव विभोर हो उठे। श्री ब्रजरज राजेश्वरी लीला संस्थान वृंदावन के सुरेश कुमार ब्रजवासी ने बताया कि मंचन में दिखाया गया कि कंस को नहीं पता चल पा रहा था कि उसके काल के रूप में पैदा हुए श्रीकृष्ण कहां हैं? जिस पर उसने पूतना को नव जन्मे बच्चों को मारने के लिए भेजा। इस दौरान जब पूतना श्रीकृष्ण के घर पहुंची तो उसने चुपके से श्री कृष्ण को उठाया और अपना विषैला दूध पिलाकर उनको मारने का प्रयास करने लगी, लेकिन श्रीकृष्ण ने दूध के साथ-साथ पूतना के प्राण भी खींच लिए। मंचन के बाद वृंदावन से आए कलाकारों मोनिका, बबली, संगीता, राधिका, मोहिनी, कौशल किशोर, संजय, कृष्णा ने नृत्य की प्रस्तुति दी। संवाद
कीचड़ में मनोरंजन के साधन...बक्सा बाजार की हालत खराब
बटेश्वर के लोक मेले में बारिश से हुए जलभराव एवं दलदल से हो रही परेशानी
बाह। बेमौसम बारिश से बटेश्वर के लोक मेला क्षेत्र में जलभराव एवं दलदल हो गया है। जिला पंचायत के सांस्कृतिक मंच के बगल में मनोरंजन के साधन लगाए जा रहे हैं। झूले लग भी गए हैं, लेकिन कीचड़ की बजह से मनोरंजन के साधनों का संचालन नहीं हो पा रहा है।
बगल में ही बक्सा बाजार है। पानी भरने और कीचड़ होने की बजह से बक्सा आदि सामान में जंक लगने का खतरा पैदा हो गया है। सड़क किनारे का सदर बाजार आबाद होने लगा है। निचले इलाके की दूसरी लाइन में कीचड़ और फिसलन होने की बजह से दुकानें लगाने में दुकानदारों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं मंदिर के प्रवेश द्वार के पास सड़क पर पानी भरा हुआ है। जबकि दूसरे छोर पर काॅरिडोर के प्रवेशद्वार पर कीचड़ भरा हुआ है। ठेकेदार ने कीचड़ की सफाई और पानी की निकासी नहीं की है, जिससे श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।