पुल निर्माण को लेकर किसानों का धरना 17वें दिन भी जारी
अछनेरा। ब्लॉक के गांव नागर में चकरोड संख्या 24 को कीठम–भांडई बाईपास रेल लाइन के निर्माण के चलते बंद किए जाने से नाराज किसानों का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन 17वें दिन भी जारी रहा। किसान 11 नवंबर से प्रस्तावित रेलवे पुल 32ए के पास धरने पर बैठे हैं।
किसान मजदूर नेता चौधरी दिलीप सिंह ने बताया कि चकरोड बंद होने से किसानों को खेतों तक पहुंचने के लिए चार से पांच गुना अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि शासन-प्रशासन व रेलवे विभाग की उपेक्षा से आंदोलन उग्र रूप ले सकता है। किसानों ने 4 दिसंबर को पंचायत कर आगे की रणनीति तय करने की बात कही। धरने में मुकेश चौधरी, भूरा नरवार, सुखपाल सिंह, अचल सिंह, रामचंद्र, प्रदीप राणा, वेद प्रकाश सोलंकी, मेघ सिंह सोलंकी, राजेंद्र सिंह, अजयपाल सिंह, राजू नरवार, बलवीर सिंह, बाबूलाल सहित अनेक किसान मौजूद रहे। संवाद