आगरा। प्रतिबंधित पॉलिथीन और प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम टास्कफोर्स ने मंगलवार को कार्रवाई की। दरेसी नंबर-2 की दुकानों पर छापा मारकर 240 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की। इन्हें अलग-अलग कट्टों में भरकर दुकानों में रखा गया था। निगम ने चारों दुकानदारों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाकर एक लाख रुपये वसूले।
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि जोनल सेनेटरी ऑफिसर छत्ता (जेडएसओ) आशुतोष वर्मा के नेतृत्व में दरेसी नंबर-2 में जांच की गई। यहां प्रतिबंधित प्लास्टिक बेच रहे दुकानदार जावेद, दशरथ, किशोर और भारत पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। जब्त की गई पॉलिथीन को नगर निगम कार्यालय में सुरक्षित रखवाया गया है। इसे नियमानुसार नष्ट करने के लिए नगर निगम की अनुबंधित एजेंसी को सौंपा जाएगा। पॉलिथीन के कारण नालियों के चोक होने की समस्या सामने आ रही है।