आगरा में खुले स्थानों पर कूड़ा फेंककर गंदगी फैलाने वालों के घर पर नगर निगम नोटिस भेजेगा। सार्वजनिक स्थानों, सड़क किनारे अथवा खाली पड़े भूखंडों पर कूड़ा फेंकने वालों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
जेडएसओ योगेंद्र कुशवाहा ने बताया कि गोबर चौकी सब्जी मंडी क्षेत्र में कचरा डालने वाले 14 लोगों को नोटिस दिए गए। सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि नगर निगम उन जगहों को चिह्नित कर रहा है, जहां नियमित कचरा फेंका जा रहा है। ऐसे में लोग खाली प्लॉट, नालों और सड़कों पर कचरा न डालें।
नगर निगम की डोर-टू-डोर कलेक्शन व्यवस्था के माध्यम से ही गीला और सूखा कचरा अलग-अलग करके दें। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि सड़कों, प्लॉट, नालों में कचरा फेंकने वालों की पहचान की जा रही है। पहले नोटिस दिया जाएगा फिर जुर्माना वसूला जाएगा। शहर के प्रति लोगों की जिम्मेदारी है कि वह इसे साफ रखने में सहयोग दें।