आगरा मेट्रो रेल की गति और यात्रियों की संख्या को देखते हुए पहले चरण में दोनों कॉरीडोर पर 87 कोच चलेंगे। फिर जब गति और यात्री बढ़ेंगे तब 111 कोच ट्रैक पर दौड़ने लगेंगे। राइट्स द्वारा तैयार की गई डीपीआर में शुरुआती सालों में मेट्रो को 70 फीसदी कोच के साथ चलाने की योजना है।
ताजनगरी में वर्ष 2031 तक मेट्रो में 7.36 लाख लोग प्रतिदिन सफर कर सकेंगे। सिकंदरा से ताजमहल पूर्वी गेट तक 14 किमी और कालिंदी विहार से आगरा कैंट रेलवे स्टेशन तक 15 किमी लंबे कॉरीडोर पर ट्रेन की अधिकतम स्पीड 80 किमी प्रति घंटा रहेगी।
औसत स्पीड 35 किमी प्रति घंटा तय की गई है। शहर में दोनों कॉरीडोर की कुल 29.40 किमी लंबाई होगी। सिग्नलिंग सिस्टम सीबीटीसी (कम्यूनिकेशंस बेस्ड ट्रेन कंट्रोल) पर आधारित होगा। पूरे ट्रैक की स्टैंडर्ड गेज 1435 मिमी होगी।
16 हेक्टेयर में बनेगा पहला डिपो
सिकंदरा से ताजमहल के पूर्वी गेट तक बनने वाले पहले कॉरीडोर के लिए जीवनी मंडी चौराहा से पीएसी मैदान और कमिश्नरी तक 16 हेक्टेयर जमीन पर पहला डिपो बनेगा। इसके लिए 112 करोड़ रुपये का ठेका हो चुका है। इसमें करीब सात हेक्टेयर जमीन पीएसी मैदान की शामिल है। इसके अलावा मंडलायुक्त कार्यालय की भूमि भी डिपो के लिए ली जा सकती है।