आगरा मेट्रो के शिलान्यास के लिए सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ डेढ़ घंटे आगरा में रहेंगे। उनके आगमन और प्रस्थान के समय फतेहाबाद और माल रोड पर यातायात रोका जाएगा। ऐसे में अन्य रास्तों से निकलने में जाम में फंसना पड़ सकता है। इस मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और पीएसी को लगाया गया है। एलआईयू भी अलग से नजर बनाए हुए है।
एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे कार्यक्रम में आना प्रस्तावित है। वह 12:30 बजे तक कार्यक्रम में रहेंगे। उनकी फ्लीट खेरिया एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल पर आएगी। इसके साथ ही उसी रास्ते से एयरपोर्ट फ्लीट जाएगी। फ्लीट निकलने के कुछ देर पहले यातायात को रोक दिया जाएगा। फ्लीट निकलने पर फिर से यातायात शुरू करा दिया जाएगा। इसके अलावा कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए पार्किंग की अलग से व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में दो हजार से अधिक पुलिस और पीएसी कर्मी लगाए गए हैं। इनमें 10 अपर पुलिस अधीक्षक, 18 सीओ, चार कंपनी पीएसी रहेगी। रास्तों में कई जगह बैरिकेडिंग की गई है। पुरानी मंडी से फूल सैय्यद और हावर्ड प्लाजा मार्ग पर यातायात बंद रहेगा। यहां से वाहन ताज व्यू तिराहा होते हुए निकलेंगे।
ये रास्ते बंद रहेंगे
- पुरानी मंडी से हावर्ड पार्क प्लाजा और फूल सैय्यद की तरफ वाहन नहीं जाएंगे ।
- पुरानी मंडी से सर्किट हाउस होते हुए फूल सैय्यद तक का मार्ग आम जनता के लिए सुबह सात बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक बंद रहेगा।
- पुरानी मंडी से हावर्ड प्लाजा रोड, जो पीएसी कमांडेंट आवास, डीआईजी पीएसी आवास होते हुए है हावर्ड प्लाजा तिराहे तक जाती है, यह मार्ग भी सुबह सात बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक बंद रहेगा।
- पुरानी मंडी से ताज व्यू तिराहे तक का मार्ग आवागमन के लिए खुला रहेगा।
यहां होगी पार्किंग
- पीएसी के अंदर एमटी में वीवीआईपी पार्किंग होगी।
- अमर होटल की तरफ पीएसी के गेट नंबर पांच से अंदर सामुदायिक केंद्र एवं कार्यक्रम स्थल के पीछे।
- पीएसी के पीछे की सड़क पुरानी मंडी से होटल हावर्ड पार्क प्लाजा तक।
- फूल सैय्यद मजार के पीछे गैराज की खाली जमीन।
- अमर होटल तिराहे से राजपुर चुंगी मार्ग पर सड़क के किनारे दोनों ओर सिंगल पार्किंग।
- पीएसी के पीछे हावर्ड प्लाजा से डीआईजी पीएसी कार्यालय, आवास, कमांड हाउस होते हुए पुरानी मंडी तक पार्किंग रहेगी।