आगरा में कैंट रेलवे स्टेशन से कालिंदी विहार तक दूसरे मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण से पहले विस्तृत डिजाइन तैयार करने की कवायद शुरू हो गई है। ताजनगरी में 15.4 किमी और कानपुर में 8.6 किमी लंबा दूसरा कॉरिडोर है। इसके लिए एलाइनमेंट, स्टेशन के सिविल, यात्रिक एवं विद्युत कार्यों के विस्तृत डिजाइन बनाने पर 23.85 करोड़ रुपये खर्च होगा। इसका काम सिस्त्रा एमवीए कंसल्टिंग कंपनी को मिला है।
कैंट रेलवे स्टेशन से कालिंदी विहार तक 15.4 किमी में 14 मेट्रो स्टेशन बनेंगे। पूरा कॉरिडोर एलिवेटेड होगा। इसके लिए कालिंदी विहार में दूसरी डिपो बनेगी। 2024 तक यूपीएमआरसी ने आगरा में निर्माणाधीन प्राथमिकता कॉरिडोर में मेट्रो ट्रायल का लक्ष्य रखा है। दोनों कॉरिडोर सहित पूरे प्रोजेक्ट के निर्माण पर करीब 8300 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
- 273 करोड़ रुपये से फतेहाबाद रोड पर तीन एलिवेटेड स्टेशन बन रहे हैं।
- 112 करोड़ रुपये से पीएसी मैदान में पहली मेट्रो डिपो बन रही है।
- 453 करोड़ रुपये से मेट्रो थर्ड रेल इलेक्ट्रिफिकेशन शुरू हो चुका है।
- 1820 करोड़ रुपये से आगरा में सात भूमिगत स्टेशन निर्माण कार्य शुरू होंगे।