आगरा मास्टर प्लान-2031 मंजूर हो गया है। इस प्लान के बाद आगरा पूरी तरह बदल जाएगा। दो एलिवेटेड रोड, 10 नए फ्लाईओवर और अंडरपास बनेंगे, जिसके बाद आगरा को जाम से मुक्ति मिल जाएगी।
प्रदेश सरकार ने आगरा मास्टर प्लान-2031 को मंजूरी दे दी है। आगरा विकास प्राधिकरण ने नए मास्टर प्लान में एमजी रोड पर भगवान टॉकीज से प्रतापपुरा चौराहे तक और रामबाग से टेढ़ी बगिया तक एलिवेटेड रोड बनाने का प्रस्ताव रखा है। इसके साथ ही जाम से मुक्ति के लिए 10 नए अंडरपास और फ्लाईओवर के लिए जगह का सुझाव दिया गया है।
विज्ञापन
अगले 25 सालों तक शहर में जाम से मुक्ति के लिए इन दोनों एलिवेटेड रोड और 10 अंडरपास-फ्लाईओवर को जरूरी माना गया है। वर्ष 2004 से आगरा में एमजी रोड और यमुना किनारा रोड को एलिवेटेड करने के प्रस्ताव पर चर्चा ही चल ही है। बीते साल एमजी रोड पर मेट्रो के एलिवेटेड ट्रैक के साथ ही एलिवेटेड रोड की मांग की गई थी, लेकिन आगरा महायोजना में एमजी रोड पर भगवान टॉकीज चौराहे से प्रतापपुरा तक और रामबाग से टेढ़ी बगिया तक एलिवेटेड रोड का प्रस्ताव है।
टेढ़ी बगिया से नेशनल हाईवे अथॉरिटी हाईवे का निर्माण कर रही है। हाईवे पॉइंट को जोड़ने के लिए एलिवेटेड रोड का प्रस्ताव है, जिससे अलीगढ़, हाथरस की ओर जाने वाले वाहन बिना स्थानीय यातायात में फंसे सीधे निकल जाएं। इससे शहर के लोगों को सुविधा मिलेगी। जाम की समस्या से भी लोगों को जूझना नहीं पड़ेगा। माना जा रहा है कि अंडरपास बनने से शहर के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।