नवरात्रि में चमकेगा सोना और हीरा
नवरात्रि में सोने चांदी और हीरे के आभूषणों को खरीदने का मौका है। सराफा कारोबारियों को उम्मीद है कि बीते साल से इस साल कारोबार बेहतर होगा। नवरात्रि में 150 करोड़ तक सोने, हीरे के आभूषणों की बिक्री संभव है।
तनिष्क शोरूम संचालक अनुराग बंसल ने बताया कि कोरोना के कारण दो साल से नए डिजाइन और कलेक्शन की कमी महसूस हो रही थी, लेकिन कंपनियों ने नवरात्र से शुरू हो रहे फेस्टिवल सीजन के लिए ग्राहकों को लुभाने की जबरदस्त तैयारी की है। छूट के साथ डिजाइन, कलेक्शन लॉन्च किए हैं। जिससे ग्राहक आकर्षित हो सके।
इलेक्ट्रॉनिक्स में नए उत्पादों की धूम
नवरात्रि में इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों की बिक्री शुरू हो रही है जो दिवाली तक बरकरार रहेगी। इनमें एलईडी, फुली ऑटोमेटिक वाशिंग मशीन और माइक्रोवेब की मांग ज्यादा रहने की उम्मीद है।
इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी विनय मित्तल के मुताबिक एलईडी टीवी में नई तकनीक हर साल आती है, जो ग्राहकों को लुभा रही है। टीवी के साथ ऑटोमेटिक वाशिंग मशीन का बाजार बढ़ रहा है। नवरात्रि में छोटे घरेलू इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण अच्छे बिकेंगे। वहीं कंप्यूटर और लैपटॉप बाजार भी रफ्तार पकड़ेगा। नवरात्रि में 50 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है।
अपने घर को सजाने संवारने में जुटेंगे
कोरोना काल के बाद पटरी पर लौट रही अर्थव्यवस्था के बीच रियल एस्टेट भी तेजी पर है। अपने घर का सपना पूरा करने के लिए नए प्रोजेक्ट में बुकिंग शुरू हो रही है तो अपने पुराने घर को संवारने, सजाने के लिए नवरात्र से शुरूआत हो रही है, जो दिवाली से ऐन पहले तक चलेगी। इसमें लोहा, सीमेंट, इंटीरियर डेकोरेशन, पेंट कारोबार में तेजी की उम्मीद है।
लोहामंडी के सरिया व्यापारी दिनेश अग्रवाल के मुताबिक सप्ताह भर में कंपनियों ने 6 हजार रुपये प्रति टन के दाम बढ़ाए हैं। पेंट कारोबारी मुरारी लाल गोयल को उम्मीद है कि इस बार कारोबार 100 करोड़ रुपये के आसपास होगा।