मां की मौत की सूचना पर दिल्ली से आगरा आए बेटे और उसके परिवार के साथ पुरानी रंजिश में मारपीट का आरोप लगा है। पीड़ित का आरोप है कि पड़ोसियों ने उसकी पत्नी, बहन और भाई को पीटा और जान से मारने की धमकी दी।
आगरा में मां की मौत होने पर अंतिम संस्कार में शामिल होने दिल्ली से आए बेटे और उसके परिवार को पड़ोसियों ने पीट दिया। मामला पुरानी रंजिश का है। शिकायत पर थाना रकाबगंज में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
चीलगढ़, औलिया रोड निवासी पिंटू सोनकर ने पड़ोसियों पर पत्नी, बहन और भाई की पिटाई करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। बताया कि वह फिलहाल टोडापुर, नई दिल्ली में रहता है। 19 अक्तूबर को दोपहर करीब एक बजे उसे मां की मौत की सूचना मिली। इसके बाद वह पत्नी पिंकी और दोनों बच्चों के साथ रात करीब 11 बजे आगरा पहुंचे।
आरोप है कि 20 अक्तूबर को सुबह करीब 10 बजे घर के सामने पुरानी रंजिश में पड़ोसी गोलू, मुकेश उर्फ गंजा, शिवा और कुछ अज्ञात लोगों ने गाली-गलौज की। विरोध करने पर उनकी और परिवार की पिटाई की। इसके बाद धमकी देते हुए आरोपी भाग गए। एसीपी सदर अमीषा सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से बात की जा रही है। आरोपों की जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।