अप्रैल में निरस्त की गईं आगरा फोर्ट-लखनऊ इंटरसिटी, आगरा फोर्ट-अजमेर सुपरफास्ट समेत चार ट्रेनें सोमवार से संचालित होंगी। रविवार को आगरा से बनकर चलने वाली इन ट्रेनों के संचालन की यार्ड में तैयारियां की गईं।
विज्ञापन
ट्रेनों में कोच की हुई सफाई
संक्रमण के बढ़ने के साथ ही स्पेशल ट्रेनों में यात्रियों की संख्या में भारी कमी आ गई थी। इसे देखते हुए रेलवे ने शताब्दी, गतिमान समेत 30 जोड़ी ट्रेनों को निरस्त कर दिया था। सोमवार से इनमें से आगरा से बनकर चलने वाली चार जोड़ी ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। इनमें आगरा कैंट-झांसी इंटरसिटी और ईदगाह बांदीकुई इंटरसिटी भी शामिल हैं। आगरा कैंट व आगरा फोर्ट के यार्ड में इन ट्रेनों को कोचों में साफ-सफाई के साथ ही कोच के बोर्ड लगाने, मरम्मत आदि के कार्य पूरे दिन चलते रहे।
ट्रेन में टिकट की बुकिंग भी शुरू, करंट बुकिंग बंद
ट्रेनों में टिकट की बुकिंग भी शुरू हो गई। रेलवे में अभी करंट बुकिंग बंद चल रही है। आगरा रेल मंडल के वाणिज्य प्रबंधक एसके श्रीवास्तव ने बताया कि पैसेंजर ट्रेनें पूर्व की भांति मेल एक्सप्रेस के रूप में ही संचालित हो रही हैं। करंट बुकिंग की सुविधा अभी नहीं है। रिजर्वेशन कराने के बाद ही यात्री सफर कर सकेंगे।
विज्ञापन
इसी माह शुरू होंगी निरस्त स्पेशल ट्रेनें
देशभर में संक्रमण के मामलों में कमी आने और कई राज्यों में लॉकडाउन खत्म होने के बाद रेलवे स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू कर रहा है। डीआरएम सुशील कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि माहौल सुधरने और यात्रियों की डिमांड के अनुसार निरस्त की गईं अन्य ट्रेनों का संचालन भी फिर से शुरू किया जाएगा।