बिना अनुमति के संचालित लाउडस्पीकरों को उतरवाने के लिए आगरा में कवायद शुरू हो रही है। इसके लिए थानावार सूची तैयार करने के लिए कहा गया है। धार्मिक स्थल ही नहीं, डीजे और बैंडबाजा की गिनती करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी के बाद प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार ने बिना अनुमति के लगे लाउडस्पीकरों को बंद कराने के आदेश दिए हैं। इसके लिए प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है। पुलिस विभाग का सहयोग लिया जा रहा है। थानावार सूची तैयार कराई जा रही है।
ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए यह मशक्कत की जा रही है। उन डीजे को भी चिह्नित किया जा रहा है, जो बिना अनुमति लिए संचालित हो रहे हैं।
उन्हें कोर्ट के आदेशानुसार निर्धारित मानक के हिसाब से ही डीजे बजाने की अनुमति दी जाएगी। यदि वे इसका पालन नहीं करेंगे तो उन्हें बंद कर दिया जाएगा। इसी प्रकार बैंडबाजा संचालकों को भी अनुमति लेनी होगी।