आगरा में लोहामंडी से जगदीशपुरा होते हुए बोदला तक बिछाई जा रही सीवर की लाइन के कारण बोदला-लोहामंडी मार्ग अभी दस दिन और बंद रहेगा। जल निगम द्वारा इस रोड पर गहरी सीवर लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है। पानी और सीवर की पाइपलाइन के साथ भूमिगत नालों के कारण सीवर लाइन बिछाने के काम में अड़चनें आ गईं। जलनिगम अधिकारियों का दावा है कि 20 मार्च तक काम पूरा करके लोहामंडी बोदला मार्ग को ट्रैफिक के लिए खोल दिया जाएगा।
लोहामंडी बोदला रोड पर अलग-अलग चरणों में सीवर लाइन बिछाई जा रही है। जगदीशपुरा से लोहामंडी चौराहे के बीच 20 फरवरी तक काम खत्म हो जाना था। जलनिगम ने 20 फरवरी तक ही ट्रैफिक डायवर्जन लिया था, लेकिन पहले इसे 10 दिन बढ़ाया गया। अब भी काम पूरा न हुआ तो अब 10 दिनों की मोहलत और मांगी गई है। पाइपलाइन बिछाने के बाद चार पहिया वाहनों के लिए इस रोड को 20 मार्च से खोले जाने का दावा किया जा रहा है।
आगरा: फर्जी प्रमाणपत्र लगाने वाले 168 शिक्षकों की सेवा समाप्त, दर्ज होगी एफआईआर
कारोबार ठप, बोहनी को तरसे दुकानदार
लोहामंडी, नौबस्ता, जगदीशपुरा, किशोरपुरा में सीवर लाइन की खोदाई के कारण मिट्टी के ऊंचे ढेर दुकानों के सामने लगा दिए गए। यही हाल मारुति एस्टेट का है, जहां पानी की पाइपलाइन बिछाने के लिए दुकानों के सामने मिट्टी के ढेर लगा दिए गए। अब यहां लोगों का दुकान तक पहुंचना मुश्किल है। लोहामंडी के व्यापारियों के मुताबिक वह कई दिनों से बोहनी तक को तरस गए हैं। धूल के गुबार दुकानों में भर गए हैं। हर सामान के ऊपर धूल की मोटी परत जमा हो गई है। कपड़े के व्यापारियों ने प्लास्टिक शीट से न केवल दुकान को कवर किया, बल्कि कपड़ों के डिब्बों की पैकिंग पर भी प्लास्टिक लगा दी। सड़कों की खोदाई के कारण इस रोड पर सब्जी विक्रे ताओं ने ही अपनी जगह बदल ली। वह बोदला चौराहे पर ठेल लगा रहे हैं।
एक महीने से कारोबार ठप
एक महीने से कारोबार पूरी तरह से ठप है। सड़क खोदकर छोड़ दी है। धूल के कारण कोई आता नहीं। दो पहिया वाहन जैसे तैसे निकल रहे हैं। हमारे स्थायी ग्राहक सड़क खोदी होने से नहीं आ रहे। - नरेंद्र सिंह, व्यापारी, नौबस्ता
20 दिन का काम 40 दिन में भी पूरा नहीं
सड़क खोदने के बाद समय सीमा लगातार बढ़ाते जा रहे हैं। 20 दिन का काम 40 दिन में भी पूरा नहीं कर पा रहे। हमारी बोहनी तक नहीं हो रही। ग्राहक खोदी गई सड़क पर नहीं आते। वह दूसरी दुकान से सामान खरीदने लगे। - राजेश यादव, व्यापारी, जगदीशपुरा
भूमिगत लाइनों की वजह से देरी
लोहामंडी-जगदीशपुरा के बीच कई भूमिगत लाइनें और नाला पाइप लाइन बिछाने के बीच में आ गया, जिस वजह से सावधानी बरतते हुए काम कराया गया। इसमें समय ज्यादा लगा। अगले दस दिनों में हम काम पूरा कर लेंगे। - यदुनाथ सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर, जलनिगम