UPMSP UP Board Result 2025: उत्तर प्रदेश बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा में जिला और केंद्रीय कारागार में बंद कैदियों ने भी हिस्सा लिया। 34 बंदियों ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में सफलता प्राप्त की है।
दामन पर जुर्म का दाग लगा तो सलाखों में जीवन गुजारना पड़ रहा है। मगर, घर की जिम्मेदारी के साथ भविष्य की चिंता भी सता रही है। ऐसे में शिक्षा का हाथ पकड़ लिया। मेहनत और लगन रंग लाई। सलाखों के पीछे किताबों से दोस्ती कर सफलता मिल गई। जिला और केंद्रीय कारागार में निरुद्ध 38 बंदियों ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा दी। इनमें से 34 ने सफलता हासिल कर ली, चार अनुत्तीर्ण रहे। जिला जेल के बंदी रविंद्र हाईस्कूल की परीक्षा में 64.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अव्वल रहे। वहीं इंटरमीडिएट में इस्लामद्दीन 64.60 प्रतिशत अंक के साथ प्रथम रहे।
विज्ञापन
जेल अधीक्षक हरिओम शर्मा ने बताया कि हाईस्कूल में 16 बंदियों ने परीक्षा दी थी। इनमें से दो अनुत्तीर्ण रहे। सर्वाधित अंक चोरी का माल खरीदने और बेचने के केस में आरोपी रविंद्र पिप्पल ने प्राप्त किए। उन्होंने 10वीं की परीक्षा 600 में से 387 अंक प्राप्त कर 64.50 प्रतिशत से पास की है। उन्हें शाहगंज पुलिस ने अक्तूबर 2022 को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बंदी ने अपनी मेहनत और लगन से सफलता पा ली। इसी तरह एनडीपीएस एक्ट में निरुद्ध रिजवान ने 600 में से 374 अंक प्राप्त कर 62.33 प्रतिशत से जेल में दूसरा स्थान प्राप्त किया। दुष्कर्म और अपहरण के आरोपी सुहेल अब्बास ने 600 में से 364 अंक प्राप्त कर 60.60 फीसदी के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इसी तरह आशीष ने 60.16 प्रतिशत, सोमनाथ दास ने 59.16 प्रतिशत, मोनू ने 59 प्रतिशत, रामगोपाल ने 54.66 प्रतिशत, मुकेश कुमार ने 54.83 प्रतिशत, रूपबसंत ने 52.33 प्रतिशत, श्रीओम ने 56.16 प्रतिशत, विजय सिंह ने 53.33 प्रतिशत, प्रदीप कुमार ने 52.33 प्रतिशत, अनुराग ने 51.16 प्रतिशत और अरुण ने 49.83 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं दो आरोपी सरफराज और ब्रजेश कुमार अनुत्तीर्ण रहे।
इंटरमीडिएट में 11 परीक्षार्थी थे। इनमें सभी सफल रहे। धोखाधड़ी और अमानत में खयानत के आरोपी इस्लामुददीन ने 500 में से 323 अंक प्राप्त किए। उन्होंने 64.60 प्रतिशत अंक के साथ प्रथम श्रेणी में परीक्षा पास की। गैंगस्टर के आरोपी सलमान ने 61 प्रतिशत, हत्या के आरोपी सचिन ने 56 प्रतिशत अंक पाए। वहीं, अरुण ने 51.60, धर्वेंद्र ने 52.20, दीवान सिंह ने 39.20, हेमेंद्र सिंह ने 50.20, जाकिर अब्बासी ने 55 प्रतिशत, राहुल ने 51.80, ऋषि ने 33.60 प्रतिशत और शिशुपाल परिहार ने 38.40 प्रतिशत से परीक्षा पास की।
केंद्रीय कारागार
केंद्रीय कारागार के अधीक्षक ओपी कटियार ने बताया कि हाईस्कूल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे तेजवीर ने 56.33, प्रशांत कुमार ने 55.0 और शेरपाल ने 54.33 प्रतिशत अंक के साथ परीक्षा पास की। वहीं, इंटरमीडिएट में रिहान ने 46.60 प्रतिशत, जितेंद्र ने 46.40, इरफान खान ने 49.40, दिलीप ने 39.60, लोचन सिंह ने 50.40, अमित कुमार ने 45.20 प्रतिशत के साथ परीक्षा पास की। सभी ने द्वितीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की। वहीं रामनाथ और राजेश अनुत्तीर्ण रहे।