थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के मंडी समिति स्थित प्रार्थना हॉस्पिटल में उपचार के दौरान 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजन ने अस्पताल में हंगामा करते हुए गलत इंजेक्शन लगाने से मौत होने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
फिरोजाबाद के सिरसागंज थाना क्षेत्र के नगला राय संतराम निवासी कुलदीप यादव (30) पुत्र सत्य प्रकाश यादव को 15 अगस्त की रात करीब 9:45 बजे प्रार्थना हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजन के मुताबिक गांव में घर पर गिरने से कुलदीप घायल हुआ था। उसके सिर में ब्रेन हेमरेज और पैर की फीमर (जांघ) की हड्डी में फ्रैक्चर बताया गया था। अस्पताल में उसका उपचार चल रहा था।
रविवार शाम करीब 6 बजे उपचार के दौरान कुलदीप की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। परिजन ने आरोप लगाया कि उपचार के दौरान गलत इंजेक्शन लगाए जाने से युवक की मौत हुई है। उनका कहना था कि इंजेक्शन लगाए जाने के आधा घंटे बाद उसकी हालत बिगड़ी।
हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को मौके पर मृतक के परिजन मिले। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। उन्होंने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद शिकायती पत्र देने की बात कही है। मामले की जांच की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज और उपचार की जांच की मांग
मृतक के परिजन ने उपचार के दौरान दिए गए इंजेक्शन, डॉक्टर और स्टाफ की भूमिका की जांच कराने की मांग की है। साथ ही अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की मांग की है, जिससे मौत से पहले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके।