आगरा के बाह क्षेत्र के बेसंगपुरा गांव में शनिवार सुबह ट्यूबवेल से बाइक पर घर लौट रहे किसान सीताराम पर कथित तौर पर घात लगाकर बैठे हमलावरों ने फायरिंग कर दी। सिर में गोली लगने के बाद उन्हें डंडों से भी पीटा गया।
आगरा के बाह क्षेत्र के बेसंगपुरा गांव में खेत की मेड़ को लेकर हुए विवाद के चलते शनिवार सुबह एक किसान पर लाइसेंसी हथियारों से फायरिंग की गई। इस घटना में किसान सीताराम को सिर में गोली लगी, जिसके बाद हमलावरों ने डंडों से भी पीटा। राहगीरों के हस्तक्षेप के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, किसान सीताराम शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे ट्यूबवेल से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। सिर में गोली लगने के बाद हमलावरों ने उन्हें डंडों से पीटा। घटना की सूचना मिलते ही बाह पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सीताराम को बाह सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर कर दिया गया।
बाह पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में हमले का कारण खेत की मेड़ को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है। एसीपी बाह जितेन्द्र कुमार ने बताया कि तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।