आगरा के 381 नालों की तलीझाड़ सफाई कराने का काम 15 जून तक पूरा होना था। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने 100 फीसदी नालों को 22 जून तक साफ करने के दावे किए है, लेकिन एक सप्ताह बाद भी शहर में कई नाले ऐसे हैं, जिनमें कचरे के ढेर और सिल्ट जमा है। इन नालों में सिल्ट जमा होने से घास उग आई है। दहतोरा क्षेत्र में हेमा पेट्रोल पंप तिराहे से पश्चिमपुरी रोड के दोनों ओर के 1.50 किमी दूरी तक के नालों में घास और कचरा भरा हुआ है। कागजों में इन दोनों नालों की तलीझाड़ सफाई की रिपोर्ट नगर निगम में पेश की गई है।
दिल्ली गेट से आगे नाले की सफाई नहीं
दहतोरा-पश्चिमपुरी के साथ अवधपुरी, अलबतिया रोड, दिल्ली गेट से आगे के नाले को साफ नहीं किया गया। लोहामंडी के पार्षद शरद चौहान के मुताबिक मदिया कटरा से कैलाशपुरी के बीच नाले साफ करने का तब तक कोई फायदा नहीं, जब तक सॉलिटेयर होटल से मदिया कटरा रेलवे लाइन के बीच नाला साफ नहीं होता। इस नाले पर अवैध निर्माण हैं और मशीन के पहुंचने तक की जगह अवैध निर्माण करने वालों ने नहीं छोड़ी। कई इमारतें नाले के ऊपर ही बनी हैं। एक साल पहले किए गए सर्वे में 38 अवैध निर्माण इस नाले पर बने थे, जिस कारण सफाई नहीं हुई। इसी वजह से मदिया कटरा से कैलाशपुरी के बीच सड़क पर दो फुट तक जलभराव होता है।
कलाकुंज में आधी सड़क पर डाली सिल्ट
नगर निगम के अधिकारियों ने 15 जून तक शहर के सभी नालों की तलीझाड़ साफ करने के दावे किए। अपर नगर आयुक्त ने सख्ती की तो एक सप्ताह का समय और मांगा। अब 27 जून तक भी शहर के नाले साफ करने का सिलसिला जारी है, जिन्हें तलीझाड़ साफ करने का दावा पूर्व में किया जा चुका है। कलाकुंज, मारुति एस्टेट और सुभाष नगर में नगर निगम की टीम ने शनिवार से नाले की सफाई शुरू की है, जिसकी सिल्ट निकालकर आधी सड़क पर डाल दी। क्षेत्रीय निवासी योगेंद्र कुमार और विनीत ने बताया कि मारुति एस्टेट से अलबतिया लिंक रोड पर जैन मंदिर के सामने ही सिल्ट पड़ी हुई है, जो बारिश में फिर से नाले में वापस जाने की आशंका है। बारिश हुई तो सिल्ट के कारण इस रोड से निकलना मुश्किल हो जाएगा।
अब शिकायत आने पर होगी कार्रवाई
अधिकारियों ने मुझे 100 फीसदी नाले साफ होने की रिपोर्ट सौंपी है। अब अगर कहीं से नालों की सफाई न होने की शिकायत आती है तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही होगी। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मानसून में जलभराव न होने देने के लिए हमने चेतावनी दी है। - निखिल टी फुंडे, नगर आयुक्त, नगर निगम