आगरा की युवा क्रिकेटर राशि कनौजिया को वर्ष 2020-21 का विवेकानंद अवार्ड दिया जाएगा। युवा कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से दिया जाने वाला यह पुरस्कार विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले युवाओं को दिया जाता है। राशि प्रदेश की महिला टीम की सदस्य हैं। यह पुरस्कार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदान करेंगे।
नामनेर की रहने वाली राशि कनौजिया प्रदेश की महिला टीम का प्रतिनिधित्व करती हैं। बाएं हाथ की फिरकी गेंदबाज राशि का चयन वर्ष 2019-20 में आस्ट्रेलिया में हुए एशिया कप अंडर 19 की टीम के लिए भी हुआ था। हाल ही में भारतीय महिला क्रिकेट टीम के प्रशिक्षण शिविर के लिए भी उनका चयन किया गया था।
भारतीय महिला की टीम ए में वह बांग्लादेश व श्रीलंका के दौरे पर भी रह चुकी हैं। राशि के पिता अशोक कुमार सेना में रह चुके हैं, जबकि उनकी मां राधा कनौजिया शिक्षिका हैं। युवा कल्याण विभाग के उप निदेशक आदित्य कुमार ने बताया कि विवेकानंद पुरस्कार के लिए आगरा से क्रिकेटर राशि को चुना गया है।
क्रिकेट कोच मनोज कुशवाह ने बताया कि राशि कनौजिया का विवेकानंद पुरस्कार के लिए चयन खिलाड़ियों को नई ऊर्जा देगा। इसके पहले ताजनगरी की युवा लेखिका इशिका बंसल को भी विवेकानंद पुरस्कार से नवाजा जा चुका है।