आठ कॉलोनियों में टूटी कोरोना की चेन
कोरोना वायरस की दूसरी लहर थमने से आठ कॉलोनियों में संक्रमण की चेन टूटी है। कुल संक्रमितों में से 55 से 60 फीसदी मरीज इन्हीं आठ कॉलोनियों में मिले थे। राहत की बात है कि बीते 15 दिन में इक्का-दुक्का ही संक्रमित मिले हैं। सीएमओ डॉ. आरसी पांडेय ने बताया कि दूसरी लहर में 15200 मरीज संक्रमित हुए। इनमें से 7750 मरीज दयालबाग, कमला नगर, आवास विकास कॉलोनी, खंदारी, सिकंदरा, ताजगंज, बल्केश्वर और शाहगंज में ही मिले हैं।
पहली लहर में भी यही स्थिति रही और कुल संक्रमित मिले 10 हजार में से 5300 मरीज इन्हीं आठ कॉलोनियों में पाए गए थे। हर दिन इनमें कोरोना वायरस के मामले मिल रहे थे। अब बीते दो सप्ताह से इन आठ कॉलोनियों में 10 से भी कम मरीज मिले हैं।
टीकाकरण में भी आगे
जिला टीकाकरण प्रभारी डॉ. संजीव वर्मन ने बताया कि संक्रमण की दर इन आठ कॉलोनियों में सबसे ज्यादा थी, ऐसे में यहां के लोगों में टीकाकरण की दर भी अधिक है। शहर में टीकाकरण में यह कॉलोनियां सबसे आगे हैं।
ब्लॉक प्रमुख चुनाव 2021: कान्हा की नगरी में भाजपा के बागी देंगे टक्कर, छह ब्लॉकों में कड़ा मुकाबला