ताजनगरी में पुरुषों को घर से बाहर निकलना महंगा पड़ा। महिलाओं की तुलना में दोगुने पुरुष बीमार हुए हैं। जिले में 25,515 मरीजों में 16648 पुरुष हैं जबकि 8865 महिलाएं हैं। 419 मौतों में सबसे ज्यादा 272 मौतें पुरुषों की और 147 महिलाओं की मृत्यु हो चुकी है।
महिलाएं कम बीमार
वैश्विक महामारी कोरोना का कहर पुरुषों पर बरपा है। महिलाएं कम बीमार हुई हैं। जिला प्रशासन ने रविवार को महिलाएं व पुरुषों में संक्रमण व मृत्यु की रिपोर्ट जारी की है। जिसमें ये खुलासा हुआ है कि अधिकांश महिलाओं में संक्रमण पुरुषों से पहुंचा।
पुरुष कामकाज से घर से बाहर निकले। पहले वो संक्रमित हुए। उनके संपर्क में आने से महिलाएं संक्रमित हुई हैं। महिलाओं की तुलना में संक्रमित हुए पुरुषों की संख्या दोगुनी है। दो किन्नर भी संक्रमित हो चुके हैं। रविवार तक मिले कुल 25515 मरीज और 419 मृतकों के आधार पर प्रशासन ने यह वर्गीकरण किया है।