कोरोना वायरस: जांच के लिए सैंपल देते लोग
- फोटो : अमर उजाला
ताजनगरी में कोरोना वायरस की दूसरी लहर की आशंका है। इस महीने 20 दिन में जितने मरीज मिले थे, उससे ज्यादा चार दिन में ही मिल गए हैं। विशेषज्ञ होली के बाद संक्रमण की दर और बढ़ने की आशंका जता रहे हैं।
इस महीने 24 मार्च तक कोरोना वायरस के 75 मरीज मिले हैं। 20 मार्च तक की बात करें तो संक्रमण के 34 मरीज ही मिले थे, लेकिन 21 से मरीज मिलने की दर बढ़ गई। 24 मार्च तक 41 मरीज मिले। इसमें महिलाओं की संख्या 10 और तीन बच्चे शामिल हैं। चार दिनों में मिले 41 संक्रमितों में से 15 मरीज कमला नगर, दयालबाग और आवास विकास कॉलोनी के हैं।
बीमारों-बुजुर्गों को लगवाएं टीका
कोरोना वायरस के संक्रमण की दर बढ़ने की आशंका है। इस सप्ताह संक्रमण की दर बढ़ी है, आगे और खतरा है। ऐसे में लोग अपने बुजुर्ग और 45 से अधिक उम्र के बीमार लोगों का टीका जरूर करवा लें। - डॉ. आरसी पांडेय, सीएमओ
आगरा में दरोगा की हत्या: घर में इकलौते बेटे थे प्रशांत यादव, पत्नी और मां का चीत्कार सुनकर पुलिसकर्मियों के निकले आंसू
मास्क जरूर लगाएं
अस्पताल में भर्ती परिजन या रिश्तेदार को झुंड में आकर देखने से भी बचें। मास्क जरूर लगाएं और बेहद जरूरी होने पर ही बाजार में जाएं। सावधानी बरतें संक्रमण का खतरा अब ज्यादा है। - डॉ. संजय काला, प्राचार्य
स्मार्ट सिटी के सीएफओ कोरोना संक्रमित
स्मार्ट सिटी के सीएफओ के कोरोना संक्रमित होने के बाद सभी अधिकारियों, कर्मचारियों की एंटीजन जांच कराई गई। बुधवार को सीएफओ की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जिसके बाद स्मार्ट सिटी कार्यालय में सैनिटाइजेशन कराकर उनके कमरे को सील कर दिया गया। मंगलवार को ही स्मार्ट सिटी के सीएफओ सभागार में कमिश्नर की अध्यक्षता में हुई बैठक में मौजूद थे। इसमें नगर आयुक्त निखिल टी फुंडे समेत निगम के भी अधिकारी थे। उनके कार्यालय भी सैनिटाइज कराए गए। बुधवार को कर्मचारियों की एंटीजन जांच में रिपोर्ट निगेटिव आई है, लेकिन आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। ब्यूरो
बुजुर्ग दंपति समेत 11 मरीज मिले
आगरा में बुधवार को कोरोना वायरस के 11 मरीज मिले हैं। इसमें पुष्पांजलि वाटिका में बुजुर्ग दंपति भी शामिल हैं। कमला नगर, जगनपुर दयालबाग, आवास विकास कॉलोनी, सत्संगी पैराडाइज दयालबाग, मंगलम शिला अपार्टमेंट, सिकंदरा, खंदौली खटीकपाड़ा और शास्त्रीपुरम में भी मरीज मिले हैं।
पिछले चार दिनों में मरीज
21 मार्च: आठ मरीज
22 मार्च: 13 मरीज
23 मार्च: नौ मरीज
24 मार्च: 11 मरीज