प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक और ड्रीम प्रोजेक्ट गुरुवार को पूरा हो गया। देश के ए वन ग्रेड स्टेशनों में शुमार आगरा कैंट को वाई-फाई सुविधा से लैस कर दिया गया है। एक यात्री 24 घंटे में एक नंबर पर आधा घंटा तक फ्री इंटरनेट सर्विस ले सकता है। वाईफाई की लगाने की घोषणा पिछले बजट में की गई थी। इसे ट्रायल के तौर पर छह माह तक चलाया है। इसके बाद शुल्क लग सकता है।
गुरुवार को आगरा कैंट स्टेशन पर वाईफाई की सुविधा का शुभारंभ डीआरएम विजय सहगल ने किया। वाईफाई के जरिये यात्रियों को आधे घंटे फ्री इंटरनेट की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा यात्रियों को ‘रेल टेल’ द्वारा मुहैया कराई जा रही है। इंटरनेट कैंट स्टेशन के अलावा पूरे सर्कुलेटिंग एरिया के साथ यार्ड में भी चलेगा। डीआरएम ने बताया कि इससे यात्रियों को काफी लाभ मिलेगा। इसकी स्पीड बहुत फास्ट होगी।
बता दें कि मोदी सरकार ने पहले रेल बजट में ए वन एवं ए ग्रेड के 83 स्टेशनों पर वाईफाई के जरिये इंटरनेट सुविधा देने की घोषणा की गई थी। पहले चरण में इस योजना के तहत देश में ए वन ग्रेड के 48 रेलवे स्टेशनों को वाईफाई सुविधा से लैस करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
छह माह बाद लग सकता है शुल्क
छह माह बाद यात्री को 25 रुपये चार्ज देना पड़ सकता है। हालांकि यह चार्ज सिर्फ 30 मिनट के लिए ही रहेगा। इसके बाद हर घंटे के लिए 35-35 रुपये लगेंगे।
कैंट पर बनेगा एग्जीक्यूटिव लाउंज
आगरा। सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही आगरा कैंट पर एग्जीक्यूटिव लाउंज का निर्माण शुरू हो जाएगा। जगह चिह्नित की जा चुकी है। मंडल अधिकारियों ने स्केच बनाकर रेलवे बोर्ड को भेज दिया है। लाउंज में कैफे, मनी एक्सचेंज, रेस्ट रूम, वेटिंग रूम, एटीएम, साइबर कैफे, रेस्टोरेंट आदि सुविधाएं दी जाएंगी। 11 करोड़ के इस प्रोजेक्ट को यूपी टूरिज्म और रेलवे मिलकर पूरा करेंगे। लागत शुल्क 5.5 करोड़ रेलवे और 5.5 करोड़ रुपये पर्यटन विभाग को वहन करने हैं। डीआरएम विजय सहगल ने बताया कि एग्जीक्यूटिव लाउंज का डिजाइन इलाहाबाद हेडक्वार्टर भेज दिया है। जहां से दिल्ली रेलवे बोर्ड भेजा गया। आदेश ही काम शुरू कर दिया जाएगा।