सामूहिक विवाह समारोह बाद में होगा
भीमनगरी केंद्रीय समिति के महामंत्री, स्थानीय समिति के अध्यक्ष के घायल होने और आईसीयू में होने के बाद भीमनगरी के शनिवार और रविवार को होने वाले कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए थे। शनिवार को 50 जोड़ों का विवाह होना था, जिसे अब बाद में कराया जाएगा। छीपीटोला स्थित आंबेडकर सामुदायिक भवन में विवाह समारोह होगा, जिसकी तिथियां बाद में घोषित की जाएंगी।
केंद्रीय मंत्री ने हादसे पर जताई संवेदना
भीमनगरी में शुक्त्रस्वार को हुए हादसे पर केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने संवेदना जताई है। शनिवार सुबह उन्होंने ट्वीट कर हादसे में राजू प्रधान के निधन व पदाधिकारियों के घायल होने को दुखद बताया। पूर्व मंत्री और छावनी के विधायक डा. जीएस धर्मेश ने इस मामले में मुख्यमंत्री के सचिव को पूरी जानकारी दी। वह रविवार को मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगे और मृतक राजू प्रधान के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग करेंगे।
राजू प्रधान का अंतिम संस्कार
भीमनगरी हादसे में मृतक राजू प्रधान का शनिवार को गांव में अंतिम संस्कार किया गया। गमगीन माहौल के बीच बसपा और भाजपा के नेताओं ने राजू प्रधान के दाह संस्कार में हिस्सा लिया। विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, पूर्व एमएलसी सुनील कुमार चित्तौड़ समेत लोग पहुंचे और प्रदेश सरकार से परिवार को आर्थिक मदद देने की मांग की। राजू प्रधान जूते के काम से जुड़े थे। उनके दो बेटे हैं, जो पढ़ाई कर रहे हैं।
हादसे पर अखिलेश यादव ने जताया दुख
भीमनगरी समारोह में मंच पर हुए हादसे को लेकर सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दुख जताया है। मृतक राजू प्रधान के परिजनों को सांत्वना देते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। भीम नगरी समिति अध्यक्ष पूर्व मंत्री अजयशील गौतम को भेजे सांत्वना पत्र अखिलेश ने भेजा है। जिसे शनिवार को सपा नेता कुंवरचंद वकील, विनय अग्रवाल, गौरव यादव, राहुल चौधरी, राजपाल यादव, ज्ञानेंद्र गौतम आदि ने अजयशील गौतम की पत्नी को सौंपा।