घर से बाहर निकलना हो तो मास्क पहनकर ही निकलें। आगरा की हवा में इस हद तक खतरनाक तत्व तैर रहे हैं जो फेफड़ों में जाकर आपको सांस की बीमारियों का शिकार बना देंगे। शुक्रवार को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी किए आंकड़ों में आगरा देश का तीसरा सबसे प्रदूषित शहर रहा।
टॉप तीन की सूची में यह बरकरार है। आगरा प्रशासन और ताज ट्रिपेजियम जोन अथारिटी ऐसी जहरीली हवा में भी कोई कदम नहीं उठा रही है, जबकि दिल्ली समेत देश के अन्य शहरों ने तुरंत कार्य योजना और प्रदूषण रोकने के कदम उठाए हैं।
गुरुवार शाम चार बजे से शुक्रवार चार बजे तक के आंकड़ों में आगरा देश का तीसरा सबसे प्रदूषित शहर रहा। बेहद सूक्ष्म धूल कणों पीएम 2.5 की संख्या 500 से ज्यादा दर्ज की गई। वहीं कार्बन मोनोक्साइड की मात्रा सामान्य से 72 गुना बनी हुई है।
धूल कणों के कारण लोगों को सांस लेने में तकलीफ महसूस होने लगी है। हाईवे के पास रहने वालों को खोदाई के कारण उड़ रही धूल से मुश्किलें बढ़ी हैं। एयर प्यूरीफाइर की मांग में इस साल तेजी आई है। वहीं मास्क की बिक्री भी तेज हुई है।