उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के उन किसानों के लिए बुरी खबर है, जो किसी वजह से बैंक से लिया गया केसीसी का कर्ज नहीं चुका पाए हैं। इन किसानों की जमीन कुर्क हो गई है। अब इन जमीनों को नीलाम किया जाएगा।
बैंक का कर्ज लेकर समय पर अदायगी नहीं करने वाले बकायेदारों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। एसडीएम सदर के आदेश पर केनरा बैंक की कुंडौल और बरौली गूजर शाखा के 10 बकायेदारों की कृषि भूमि कुर्क कर ली गई है। इन पर बैंक का करीब 88.52 लाख रुपये मूलधन और ब्याज बकाया है। कुर्क की गई जमीनों की नीलामी 7 दिसंबर को होगी।
बैंक की ओर से बकाया वसूली के लिए प्रशासन को आरसी भेजी गई थी। इसके बाद संग्रह अमीन ने बकायेदारों को कई बार नोटिस देकर भुगतान के लिए कहा, लेकिन रकम जमा नहीं की गई। एसडीएम सदर ने 8 बकायेदारों के खिलाफ 13 नवंबर और 2 के खिलाफ 6 मार्च को कुर्की अधिपत्र जारी किए थे। इसके अनुपालन में कृषि भूमि कुर्क की गई।
बकायेदारों में बरौली गूजर निवासी नौरंग सिंह पर 11 लाख और धनवान सिंह पर 6.80 लाख, कुंडौल निवासी नेकराम पर 10.39 लाख और धर्मवीर पर 7.13 लाख रुपये बकाया हैं। इसके अलावा मेहड़ा नाहरगंज के मूलचंद्र पर 9.61 लाख और भूरी सिंह पर 8.64 लाख, धमौटा के राकेश कुमार पर 9.59 लाख, गढ़ी चंदन के जयप्रकाश तोमर पर 9.18 लाख, झील बख्त के छत्रपाल पर 8.64 लाख तथा नगला आम तनौरा के राजबहादुर पर 7.49 लाख रुपये बकाया हैं। 7 दिसंबर को जमीनों की नीलामी कर वसूली की जाएगी।
एसडीएम सदर बिक्रम सिंह राघव ने बताया कि बकायेदारों के खिलाफ 7 दिसंबर को उनकी कुर्क की गई जमीनों की नीलामी कराई जाएगी।