एसएन मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन का टैंक
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के टेढ़ी बगिया में 1400 सिलिंडर ऑक्सीजन गैस आपूर्ति का प्लांट चार दिन से कंप्रेशर के इंतजार में चालू नहीं हो सका है। जिला प्रशासन ने गुजरात से प्लांट के लिए कंप्रेशर मंगाया है लेकिन असेंबलिंग नहीं होने से कंप्रेशर नहीं मिल सका। बुधवार तक कंप्रेशर असेंबल होने की उम्मीद है। इसे आगरा लाने के लिए वायु सेना से मदद मांगी गई है।
कोरोना वायरस की दूसरी लहर में ताजनगरी ऑक्सीजन संकट से जूझ रही है। इससे निजात के लिए हवा से ऑक्सीजन बनाने के प्लांट को चालू करने के प्रयास चल रहे हैं। इसके लिए भारतीय वायु सेना के विशेषज्ञों की मदद ली गई है। अहमदाबाद स्थित फैक्टरी में कंप्रेशर के असेंबल होने के बाद वायु सेना के विमान से कंप्रेशर आगरा लाया जाएगा।
लेकिन दो दिन से असेंबलिंग के इंतजार में वायु सेना का विमान रवाना नहीं हो सका है। जैसे ही यह कार्य पूरा हो जाएगा, आगरा से अहमदाबाद के लिए विमान रवाना हो जाएगा। इससे काफी हद तक ऑक्सीजन की कमी दूर करने में मदद मिल सकती है।
बुधवार तक असेंबल होने की उम्मीद
अहमदाबाद स्थित फैक्टरी में मंगलवार रात तक आक्सीजन प्लांट के कंप्रेशर के असेंबल होने की उम्मीद है। ऐसे में कंप्रेशर बुधवार शाम तक आगरा आ सकता है। डीएम प्रभु नारायन सिंह ने बताया कि प्लांट चालू नहीं हो सका है। वायु सेना से मदद मांगी है। गुजरात से कंप्रेशर आने का इंतजार है।